Skip to content
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
Log In
किसान महापड़ाव के बाद सड़क जाम, अधिकारियों के पहुंचने पर लिया गया ज्ञापन सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, NSUI ने किया प्रशासनिक भवन का घेराव हूल, उलगुलान और CM हेमंत सोरेन… संघर्ष से सत्ता में दमदार वापसी की दास्तान रांची नगर निगम की आर्थिक सेहत सुधारने को महापौर की आपात बैठक बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी सोनपुर मेले में 3 हजार में मिलेगा शाही ठाठ! AC कॉटेज में ठहरने का खास इंतजाम 11 दिसंबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, CM सम्राट ने अधिकारियों को दिए निर्देश डुमरी में तालाब के पास मिला लगभग 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव, इलाके में सनसनी
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

किसान महापड़ाव के बाद सड़क जाम, अधिकारियों के पहुंचने पर लिया गया ज्ञापन

किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को गुमला के भरनो प्रखंड कार्यालय के सामने किसान महापड़ाव लगाया गया। झारखंड राज्य किसान सभा की जिला कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

Untitled 248

गुमला (भरनो): किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को गुमला के भरनो प्रखंड कार्यालय के सामने किसान महापड़ाव लगाया गया। झारखंड राज्य किसान सभा की जिला कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने धान का उचित मूल्य, MSP की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्ज माफी और जमीन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की।

संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित इस महापड़ाव के बाद किसानों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गुमला उपायुक्त के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

यह भी पढ़ें: यूपी के रोजगार सेवकों का बड़ा ऐलान, मांगें नहीं मानीं तो 3 दिसंबर को घेरेंगे विधानसभा

धान की कम कीमत मिलने से नाराज किसान

किसानों का कहना था कि सरकार की ओर से धान का समर्थन मूल्य 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो घोषित किया गया है, लेकिन उन्हें बाजार में 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान बेचना पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसान सभा ने प्रत्येक पंचायत में धान क्रय केंद्र खोलने और घोषित MSP पर धान खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग की। इसके साथ ही किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग भी उठाई गई।

किसान आंदोलन के समझौते को लागू करने की मांग

महापड़ाव को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव और अखिल भारतीय किसान सभा की राष्ट्रीय केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुफल महतो ने कहा कि 13 महीने तक चले किसान आंदोलन में 736 किसानों की शहादत के बाद केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस लिए थे।

यह भी पढ़ें: मेन रोड पर अपना कार्यालय या व्यवसाय शुरू करने का सुनहरा मौका

उन्होंने कहा कि 10 दिसंबर 2021 को सरकार और किसान संगठनों के बीच लिखित समझौता हुआ था, लेकिन अब तक समझौते की मांगों को पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। उन्होंने MSP की कानूनी गारंटी नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई।

जमीन विवाद और CNT एक्ट का मामला भी उठा

किसान सभा ने जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी कई मांगें रखीं। इनमें CNT एक्ट की सुरक्षा, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की रक्षा तथा जमीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड में सुधार शामिल हैं।

प्रदर्शनकारियों ने 1928 के सर्वे के अनुसार जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त करने और दाखिल-खारिज में कथित घूसखोरी पर रोक लगाने की मांग की। डाईर जतरा स्थल की जमीन से संबंधित डीड और दाखिल-खारिज रद्द करने की मांग भी की गई।

इसके अलावा डाईर जतरा स्थल विवाद में थाना प्रभारी और अंचलाधिकारी की भूमिका की जांच तथा रतिया उरांव और उनके साथियों पर दर्ज मुकदमे की न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई गई।

आवास, पेंशन और सिंचाई की सुविधा देने की मांग

किसानों ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास, पेंशन और राशन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही सिंचाई कूप, तालाब और किसान क्रेडिट कार्ड देने की बात कही।

प्रदर्शनकारियों ने पारस डैम के दरवाजे की मरम्मत कराने और हाथियों के आतंक से प्रभावित किसानों को राहत देने की भी मांग की।

मनरेगा में 200 दिन काम और 600 रुपये मजदूरी की मांग

महापड़ाव में महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण, पलायन और विस्थापन के मुद्दे भी उठाए गए। किसानों ने चारों लेबर कोड रद्द करने और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में अपनी मांग रखी।

इसके साथ ही मनरेगा को फिर से लागू करने, साल में 200 दिनों का रोजगार और 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की मांग की गई। सभी महिलाओं को मंईयां योजना का लाभ देने की बात भी ज्ञापन में शामिल रही।

अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर सड़क जाम

महापड़ाव के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने पर किसान नाराज हो गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया।

बाद में दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन प्राप्त किया। अधिकारियों ने मांगपत्र संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा संघर्ष

झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त सचिव मदुवा कच्छप ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम में शंकर उरांव, रतिया उरांव, अनिल उरांव, मिला कुजुर, चंद्रदेव उरांव और मिली उरांव समेत कई लोगों ने अपने विचार रखे।

Trusted Source on
FOLLOW ON Google News
Sneha Kumari लेखक

संबंधित खबरें