पटना: बिहार के वैशाली में होने वाले अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी समीक्षा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने सम्मेलन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
विदेशी मेहमानों के स्वागत में नहीं होनी चाहिए कोई कमी
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बौद्ध देशों से आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएं। उनके ठहरने, भोजन, सुरक्षा और परिवहन की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विशेष टीम बनाकर संबंधित देशों के प्रतिनिधियों और समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए। सभी बौद्ध देशों को समय पर आमंत्रण भेजने का भी निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें: पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
बिहार के धार्मिक और पर्यटन स्थलों से रूबरू होंगे विदेशी प्रतिनिधि
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में आने वाले मेहमानों को बिहार की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत से परिचित कराने पर जोर दिया। उन्होंने बोधगया, राजगीर और केसरिया जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण की योजना तैयार करने को कहा।
इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने और प्रतिनिधियों के आवागमन के लिए ई-बसों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
वैशाली में बनेगा स्थायी हेलीपैड
वैशाली के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यहां स्थायी हेलीपैड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी स्थायी हेलीपैड विकसित किए जाने चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिल सके।
तालाब का होगा सौंदर्यीकरण, लगेगा स्टॉल
मुख्यमंत्री ने अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और परिसर में अलग-अलग स्टॉल लगाने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि सम्मेलन के दौरान यहां मेले जैसा माहौल तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों की भागीदारी भी बढ़े।
इसके साथ ही उन्होंने आसपास की सड़कों की मरम्मत, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। लिंक सड़कों के किनारे स्थित गांवों में भी स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
संबंधित खबरें
- बिहार बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
- बिहार पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
- बिहार सोनपुर मेले में 3 हजार में मिलेगा शाही ठाठ! AC कॉटेज में ठहरने का खास इंतजाम
- बिहार बिहार में उद्योगों का जाल बिछाने की तैयारी! तीन जिलों में लगेंगी नई फैक्ट्रियां









