केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी दिसंबर महीने में दो दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे 12 दिसंबर को राजधानी पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार पुलिस को देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मान ‘राष्ट्रपति कलर अवार्ड’ (President’s Colour Award) से सम्मानित करेंगे। यह प्रतिष्ठित सम्मान बिहार पुलिस बल को उसकी स्थापना से लेकर अब तक की असाधारण सेवाओं, वीरता और कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण के लिए प्रदान किया जा रहा है।
सिपाही से डीजीपी तक की वर्दी पर सजेगा विशेष बैज
बिहार पुलिस के इतिहास में 12 दिसंबर का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस गौरवपूर्ण सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव, गृह सचिव और बिहार पुलिस के डीजीपी समेत कई शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष अप्रैल में बेहतर और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए बिहार पुलिस को इस सम्मान के लिए चुना गया था। राष्ट्रपति कलर अवार्ड मिलने के बाद बिहार पुलिस को एक विशेष ध्वज और प्रतीक चिह्न (बैज) प्राप्त होगा। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सिपाही से लेकर डीजीपी तक सभी रैंक के पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर सीने के पास इस विशेष बैज को धारण कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
आठ प्लाटून की भव्य परेड की सलामी लेंगे गृह मंत्री
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सम्मान समारोह के दौरान एक भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार पुलिस की विभिन्न इकाइयों की आठ प्लाटून हिस्सा लेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस परेड की सलामी लेंगे। इस परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) रैंक के अधिकारी करेंगे और इस अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।
‘निशान’ के नाम से भी जाना जाता है यह सर्वोच्च सम्मान
राष्ट्रपति कलर अवार्ड को देश के सशस्त्र और पुलिस बलों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान माना जाता है, जिसे आम भाषा में ‘निशान’ भी कहा जाता है। यह सम्मान किसी भी पुलिस बल को उसके लंबे समय के अनुशासन, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए पूरे इतिहास में केवल एक बार प्रदान किया जाता है। ऐसे में यह उपलब्धि न केवल बिहार पुलिस के मनोबल को नई ऊंचाई देगी, बल्कि पूरे राज्य का मान भी बढ़ाएगी।
यह भी पढ़ें: हूल, उलगुलान और CM हेमंत सोरेन… संघर्ष से सत्ता में दमदार वापसी की दास्तान
संबंधित खबरें
- बिहार बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
- बिहार पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
- बिहार सोनपुर मेले में 3 हजार में मिलेगा शाही ठाठ! AC कॉटेज में ठहरने का खास इंतजाम
- बिहार 11 दिसंबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, CM सम्राट ने अधिकारियों को दिए निर्देश










