Dhanbad : जसीडीह में आरपीएफ ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए गंगासागर एक्सप्रेस की जनरल बोगी से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। शराब एक लावारिस बैग से मिली। जब्त शराब और बीयर की कीमत करीब 14,460 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ की टीम ट्रेन संख्या 13185 अप गंगासागर एक्सप्रेस में जांच कर रही थी। मधुपुर से जसीडीह के बीच जनरल बोगी में यात्रियों के सामान की जांच के दौरान जवानों की नजर एक लावारिस बैग पर पड़ी।
आरपीएफ जवानों ने यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने उसे अपना नहीं बताया। इसके बाद यात्रियों की मौजूदगी में बैग खोला गया। बैग के अंदर विदेशी शराब और बीयर मिली।
35 लीटर से ज्यादा शराब बरामद
आरपीएफ के अनुसार, बैग से इम्पीरियल ब्लू की 6 फुल बोतल और 6 क्वार्टर बरामद हुए। इसके अलावा किंगफिशर बीयर के 60 केन भी मिले। शराब और बीयर की कुल मात्रा 35 लीटर से अधिक बताई गई है।
गंगासागर एक्सप्रेस के जसीडीह स्टेशन पहुंचने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान यात्रियों को गवाह बनाया गया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त शराब को देवघर आबकारी विभाग के हवाले कर दिया गया।
बंगाल से बिहार ले जाने की आशंका
आरपीएफ को आशंका है कि शराब की यह खेप बंगाल से खरीदकर बिहार ले जाई जा रही थी। हालांकि, कार्रवाई के दौरान किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मामले की जांच जारी है।




