Ranchi: झारखंड बोर्ड की मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा फॉर्म भरने का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, विद्यार्थी 12 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड ने बिना विलंब शुल्क और लेट फीस के साथ आवेदन करने की तारीख भी तय कर दी है।
26 नवंबर है बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तारीख
जैक की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थी 12 नवंबर से 26 नवंबर तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी करनी होगी।
लेट फीस के साथ 4 दिसंबर तक भर सकेंगे फॉर्म
जो विद्यार्थी तय समय के अंदर आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें भी बोर्ड ने राहत दी है। ऐसे परीक्षार्थी 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा कर सकेंगे।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन की प्रक्रिया समय पर पूरी कर लें। अंतिम तारीख तक इंतजार करने से बचें, ताकि फॉर्म भरने में किसी तरह की परेशानी न हो।





