Patna: ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने विभागीय कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार के 100 दिनों के भीतर किए गए जनहित कार्यों और शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाए।
Read more: मिड डे मिल खाने से 34 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: श्रवण कुमार
सोशल मीडिया, टीवी और अखबारों के जरिए तेज होगा प्रचार
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा राज्य और जिला स्तर पर किए गए सकारात्मक कार्यों को समाचार पत्रों, टेलीविजन, रेडियो और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया की बढ़ती उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कहा कि फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर योजनाओं का उच्च गुणवत्ता के साथ नियमित प्रचार होना चाहिए। साथ ही इन अभियानों की लगातार समीक्षा भी की जाए ताकि सरकार और जनता के बीच बेहतर संवाद और विश्वास का माहौल बने।
भ्रामक खबरों और अफवाहों का मौके पर होगा आधिकारिक खंडन
समीक्षा बैठक में नकारात्मक और भ्रामक खबरों पर विशेष ध्यान दिया गया। मंत्री ने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैलने वाली किसी भी प्रकार की गलत जानकारी या अफवाह का विभाग की ओर से तुरंत आधिकारिक खंडन जारी किया जाए, ताकि जनता में किसी भी तरह का भ्रम न फैले।
Read more: Bihar RDO Appointment: मंत्री श्रवण कुमार ने 359 RDO को बांटे नियुक्ति पत्र
पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
मंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक सुचारू, पारदर्शी तथा मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त सचिव राजीव कुमार सिंह सहित विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





