फॉण्ट कनवर्टर NEW

रूस-इटली तक बिहार के जूतों की धूम, लेदर इंडस्ट्री में मची हलचल!

राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और बेहतर बुनियादी ढांचे के दम पर बिहार का लेदर एवं फुटवियर उद्योग तेजी से उभर रहा है, जहां निर्मित जूते अब रूस, इटली, फ्रांस, स्पेन और यूके तक निर्यात किए जा रहे हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार में उद्योगों के विस्तार और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। नई औद्योगिक नीतियों, बेहतर आधारभूत संरचना और निवेशकों के अनुकूल वातावरण के परिणामस्वरूप बिहार का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है।

सीमेंट और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों के साथ-साथ लेदर एवं फुटवियर उद्योग भी राज्य में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। बिहार में निर्मित जूते और चमड़े के उत्पाद अब रूस, इटली, फ्रांस, स्पेन और यूनाइटेड किंगडम जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहे हैं। राज्य में उपलब्ध कुशल एवं अर्धकुशल श्रमशक्ति, प्रतिस्पर्धी श्रम लागत और उद्योगों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण लेदर उद्योग के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

नई नीतियों और प्रशिक्षण संस्थानों से तैयार हो रहा कुशल मानव संसाधन

बिहार वस्त्र एवं चमड़ा नीति (संशोधन), 2025 के माध्यम से राज्य में वस्त्र एवं चमड़ा उद्योग में निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार सृजन के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार की जा रही हैं। इसी दिशा में राज्यभर में 9 औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पटना स्थित फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI), मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी, पटना एवं भागलपुर के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लेदर डिप्लोमा पाठ्यक्रम तथा निजी स्किल डेवलपमेंट सेंटरों के माध्यम से लेदर एवं डिजाइनिंग प्रशिक्षण केंद्र संचालित हो रहे हैं। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर चल रहे इन संस्थानों के जरिए उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार किया जा रहा है।

हाजीपुर से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहे बिहार के जूते

वैशाली जिले के हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित कंपीटेंस एक्सपोर्ट बिहार के लेदर एवं फुटवियर उद्योग की बढ़ती वैश्विक पहचान का उल्लेखनीय उदाहरण है। सेफ्टी जूते बनाने के लिए स्थापित यह इकाई रूस, इटली, फ्रांस, स्पेन और यूनाइटेड किंगडम सहित कई देशों में अपने उत्पादों का निर्यात कर रही है। वर्ष 2018 में शुरू हुई इस इकाई में वर्तमान में 300 से अधिक कामगार कार्यरत हैं, जिनमें 70 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। यह न केवल राज्य की विनिर्माण क्षमता को प्रदर्शित करता है, बल्कि महिला सशक्तीकरण और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर से सुगम हुआ निवेश

राज्य सरकार की प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था, नीतिगत सहयोग और प्रोत्साहन योजनाएं उद्योगों की स्थापना एवं संचालन को सुगम बना रही हैं। इन पहलों से बिहार लेदर एवं फुटवियर उद्योग के लिए एक प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है। राज्य में विकसित हो रहा औद्योगिक इकोसिस्टम स्थानीय उद्यमिता, रोजगार और निर्यात की संभावनाओं को नई गति देने के साथ बिहार को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram