रांची: झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में शुक्रवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी लैब को जनता को समर्पित किया और OPD/IPD भवन के नवीनीकरण व विस्तार कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा भी मौजूद थे। डॉ. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य की चिकित्सा व्यवस्था को तकनीक आधारित और विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक चिकित्सक के रूप में उन्होंने गंभीर बीमारियों से जूझते गरीब मरीजों और उनके परिवारों की आर्थिक व मानसिक पीड़ा को करीब से देखा है। अब आधुनिक जांच के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों में जाने और लंबे इंतजार से राहत मिलेगी, जिससे समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी।
टीबी और संक्रामक रोगों की सटीक जांच अब रिम्स में
लगभग 2.30 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत तैयार की गई BSL-III लैब के लिए राशि सेंट्रल ट्यूबरकुलोसिस डिवीजन (CTD) ने उपलब्ध कराई है। इस लैब में टीबी बैक्टीरिया की कल्चर जांच और दवा संवेदनशीलता परीक्षण (DST) की सुविधा मिलेगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बैक्टीरिया किन दवाओं के प्रति संवेदनशील या प्रतिरोधी है। यह सुविधा मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (MDR-TB) और ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (DR-TB) के मरीजों के उपचार में अहम भूमिका निभाएगी। जैव-सुरक्षा के मानकों के तहत लैब में नेगेटिव एयर प्रेशर सिस्टम, यूनिडायरेक्शनल एयर फ्लो और HEPA फिल्ट्रेशन सिस्टम जैसी तकनीकें लगाई गई हैं, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
दो वर्षों में पूरा होगा OPD/IPD का आधुनिकीकरण
लगभग छह दशकों से सेवा दे रहे रिम्स में मरीजों के बढ़ते दबाव को देखते हुए OPD और IPD भवन का नवीनीकरण व विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बेहतर मरीज देखभाल, सुव्यवस्थित आवागमन और राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करना है। इसे आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रिम्स का दौरा करेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। उन्होंने आम लोगों से रिम्स की जांच सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में राजीव कुमार मिश्रा, शैलेश त्रिपाठी, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य सहित चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित थे।





