फॉण्ट कनवर्टर NEW

बाल पत्रकारों के हौसले को CM हेमंत का सलाम, बोले-बच्चों के सपनों को देंगे उड़ान

विश्व बाल दिवस के अवसर पर रांची में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर बाल अधिकार, शिक्षा, खेल और सामाजिक मुद्दों पर सार्थक संवाद किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष बाल अधिकारों में किए गए सकारात्मक बदलावों और अपने सपनों एवं भविष्य को लेकर संवाद किया।

मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल एवं समुदाय में किए गए बदलावों के बारे में उन्हें अवगत कराया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक समस्याओं और सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाने में भूमिका निभाई। बाल पत्रकारों ने इस दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर संचारी बीमारियों को रोकने, स्वस्थ खानपान एवं जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता के प्रयासों के बारे में विस्तार से अपने अनुभवों को साझा किया।

स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने और खेल मैदानों पर जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना और सरल, सहज एवं प्रेरक शब्दों में उनके प्रश्नों का समाधान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास होगा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में विशेष रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को भी खेल प्रतिभा निखारने के लिए सरकार द्वारा खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्माण का निर्णय लिया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा रहा है।

जिला स्तर पर पुस्तकालय और बाल विवाह पर संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में जिला स्तर पर पुस्तकालय निर्माण का कार्य हो रहा है। शिक्षा बहुत ही आवश्यक है क्योंकि शिक्षा से सही-गलत की समझ होती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध के साथ-साथ प्रकृति के विरुद्ध भी है, इससे बच्ची के साथ पुरुष को भी सफर करना पड़ता है। बच्चे-बच्चियों को निर्धारित अवधि में ही शादी कराई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अधिकारियों को एक दिन उनके क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों एवं महिलाओं को सैनेटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बाल पत्रकारों का आत्मविश्वास और यूनिसेफ के प्रयास

इस अवसर पर उपस्थित यूनिसेफ के अधिकारियों एवं बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास मुझे हमेशा आश्चर्यचकित करता आया है। जब ये बच्चे आज इतनी स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, तो बड़े होकर वे कितने अच्छे नेतृत्वकर्ता बनेंगे, इसकी कल्पना कर मुझे गर्व होता है। उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और झारखंड सरकार सभी बच्चों के लिए उनके अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। वहीं, यूनिसेफ झारखंड की कम्यूनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों में आज किया गया निवेश पूरे समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा। इस मौके पर बाल पत्रकारों में सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी सहित एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य एवं विवेक कुमार उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram