फॉण्ट कनवर्टर NEW

‘बिल्ड इन बिहार, बिलीव इन बिहार’ के साथ 2.25 लाख करोड़ का निवेश, CM सम्राट ने कहा- 31वें दिन अपने आप मंजूर होंगे प्रोजेक्ट

पटना के होटल मौर्या में आयोजित 'उद्यमियों से संवाद' एवं 'एमओयू एक्सचेंज' समारोह में सीएम सम्राट चौधरी ने 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों का स्वागत करते हुए 30 दिनों में निवेश स्वीकृति और 1 करोड़ रोजगार के लक्ष्य का ऐलान किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: सीएम सम्राट चौधरी आज होटल मौर्या में उद्योग विभाग तथा ऊर्जा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद’ एवं ‘एमओयू एक्सचेंज’ समारोह में शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को लेकर उद्योग विभाग, ऊर्जा विभाग एवं उद्योग जगत की विभिन्न दिग्गज कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समझौता ज्ञापनों का हस्तांतरण किया गया।

आज एमओयू करने वाले प्रमुख संस्थानों में एनटीपीसी लिमिटेड (70,000 करोड़ रुपये), न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (70,000 करोड़ रुपये), फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया (12,500 करोड़ रुपये), सीटीआरएलएस (10,000 करोड़ रुपये), रेनवियन रामकी ग्रुप (10,000 करोड़ रुपये), अडानी हाइड्रो एनर्जी 7 लिमिटेड (9,900 करोड़ रुपये), अडानी हाइड्रो एनर्जी 15 लिमिटेड (9,900 करोड़ रुपये), टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (7,684.94 करोड़ रुपये), ग्रीनको एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड (5,400 करोड़ रुपये), एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (4,000 करोड़ रुपये), सीपीए प्राइवेट लिमिटेड (3,500 करोड़ रुपये), मेसर्स रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री लिमिटेड (3,000 करोड़ रुपये), राणा होल्डिंग लिमिटेड (3,000 करोड़ रुपये), बगमेनिया सेमीकॉन (2,000 करोड़ रुपये) तथा मेसर्स किविसा ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (1,200 करोड़ रुपये) शामिल हैं।

निवेशकों को 30 दिनों में मंजूरी, 31वें दिन स्वतः स्वीकृति का प्रावधान

समारोह को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार पूरी तरह तैयार है, आप बिहार पर विश्वास करें, खुले दिल और दिमाग से यहां उद्योग बढ़ाएं और राज्य की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए सीएम ने ऐलान किया कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाया जा रहा है। निवेश संबंधी प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर स्वीकृति देने की व्यवस्था की जा रही है और यदि निर्धारित अवधि में निर्णय नहीं होता है, तो 31वें दिन उसे स्वतः स्वीकृत (Deemed Approval) मान लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य उद्यमियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से मुक्त कर निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है, क्योंकि यह जनता का राज है और जनता ही मालिक है।

ऊर्जा, नई टाउनशिप, पर्यटन और गाद प्रबंधन पर विशेष फोकस

सीएम ने कहा कि बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां पानी और जनसंख्या रही हैं, जिन्हें अब राज्य की ताकत में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उत्तर बिहार की नदियों से निकलने वाली गाद के वैज्ञानिक प्रबंधन और निर्माण कार्यों में उसके उपयोग के लिए राज्य में गाद नीति बनाई गई है, जबकि बाढ़ नियंत्रण के लिए तटबंधों को ऊंचा व व्यवस्थित किया जा रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि बिजली क्षेत्र में लगभग 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है और 1.82 करोड़ (1.92 करोड़) परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए आज 11,000 मेगावाट बिजली के लिए समझौता किया गया है। इसके अतिरिक्त, राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है तथा बड़े शैक्षणिक संस्थानों को बिहार में अपने केंद्र खोलने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह महाराज और भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों के साथ-साथ माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी में भी भव्य निर्माण एवं विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे इको और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

1 करोड़ रोजगार और लखपति दीदी बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य

रोजगार और महिला सशक्तीकरण के संकल्प को दोहराते हुए सीएम ने कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। अब आगामी पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार एवं सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और 1 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। उन्होंने उद्यमियों से ‘बिल्ड इन बिहार, बिलीव इन बिहार’ का आह्वान करते हुए राज्य की विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित कई वरीय अधिकारी और उद्योग जगत के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram