Patna: पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को दोपहर 1.35 बजे पटना के फुलवारी शरीफ स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के केंद्रीय कार्यशाला से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर बिहारवासियों की सेवा में समर्पित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री ‘बिहाइंड द मीटर पावर इंफ्रास्ट्रक्चर’ का भी लोकार्पण करेंगे। राज्य में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुगम और प्रदूषण-मुक्त बनाने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
समारोह में राज्यपाल, सीएम और केंद्रीय मंत्री रहेंगे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत) जनरल सैयद अता हसनैन, सीएम सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। वहीं बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और विजेंद्र प्रसाद यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू, परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत तथा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
बिहार से दिल्ली का सफर होगा आसान, 27 नवंबर को होगा परिवहन समझौता
बिहार और दिल्ली के बीच सफर अब और अधिक आसान होगा। बिहार और दिल्ली के बीच पारस्परिक परिवहन समझौता आगामी 27 नवंबर को नई दिल्ली में होने जा रहा है। इस समझौते से दोनों राज्यों के बीच सीधी और सुगम बस सेवा का रास्ता साफ होगा। बिहार के परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत, विभाग के सचिव राज कुमार तथा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पारस्परिक समझौता हस्ताक्षर कार्यक्रम में भाग लेंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा परिवहन एवं सूचना प्रावैधिकी मंत्री के सचिव को भी इस संबंध में पत्र लिखा गया है।





