Patna: नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित परासी मध्य विद्यालय में मंगलवार को मध्यान भोजन यानी मिड डे मिल खाने के बाद करीब 34 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचे और अस्पताल में भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
Read more: Madhepura Mid Day Meal: खिचड़ी खाते ही 60 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, छिपकली मिलने का दावा
मंत्री ने चिकित्सकों से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सभी बच्चों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है।
स्कूल में मिड डे मिल के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत
बताया जाता है कि नालंदा के नूरसराय प्रखंड स्थित परासी मध्य विद्यालय, परासी में मध्यान भोजन खाने के बाद करीब 34 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों की तबीयत खराब होते ही स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बच्चों को एसएनसीयू वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचकर मंत्री ने बच्चों का जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण विकास मंत्री सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री ने चिकित्सकों से बच्चों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही।
मिड डे मिल में चूक की होगी पूरी जांच
बच्चों से मुलाकात के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मिड डे मिल परोसने के दौरान आखिर चूक कहां हुई, इसकी पूरी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी संबंधित कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बच्चों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं: मंत्री
श्रवण कुमार ने कहा कि मिड डे मिल बच्चों के पोषण और शिक्षा दोनों के लिए है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से भी कहा कि वे घबराएं नहीं। सरकार उनके बच्चों के साथ है और बच्चों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
सभी स्कूलों में औचक जांच के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूलों में मिड डे मिल की औचक जांच की जाए। इसके साथ ही रसोइयों को साफ-सफाई और स्वच्छता की ट्रेनिंग देने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मिड डे मिल की व्यवस्था में स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर किसी तरह का प्रतिकूल असर न पड़े।
Read more: चाईबासा स्कूल के मिड डे मील में निकला कीड़ा, बच्चों ने छोड़ा खाना
सिविल सर्जन समेत कई चिकित्सक रहे मौजूद
मौके पर सिविल सर्जन, जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव सहित कई चिकित्सक उपस्थित रहे। चिकित्सकों की निगरानी में अस्पताल में भर्ती बच्चों का इलाज जारी है।




