फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

जेसीबी ने तोड़ी गैस पाइपलाइन, फिर हुआ जोरदार धमाका; एक की मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसाही इलाके में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन टूटने से हुए भीषण विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Muzaffarpur: जिले से एक बड़ी और दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसाही इलाके में सोमवार को गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस भीषण धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।

नाला खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरसाही से डुमरी की ओर जाने वाले मार्ग पर नाला निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक जेसीबी की चपेट में आने से गैस पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद तुरंत गैस का भारी रिसाव शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद पाइपलाइन की आपूर्ति बंद करने के लिए तकनीकी टीम को तुरंत बुलाया गया था, लेकिन आरोप है कि टीम करीब आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इसी लापरवाही के बीच अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में वहां खड़े लोग और वाहन आ गए।

राहत एवं बचाव कार्य और पुलिस का बयान

विस्फोट के कारण नाला निर्माण में लगी जेसीबी मशीन और आसपास खड़े कई अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सदर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव व राहत कार्य शुरू किया गया।

घायलों को सदर अस्पताल और श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और गैस का रिसाव पूरी तरह बंद कराकर इलाके को सुरक्षित करने में जुटे हैं।

नगर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) दीपक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क की खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram