फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

पेशाब का बहाना, फिर कार लूटकर फरार; मैनपुरी में ऐसे दिया वारदात को अंजाम

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में वाहन लूट की घटना के खुलासे के दौरान पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गई, जिसमें पैर में गोली लगने से मुख्य आरोपी अभिमन्यु घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में कामयाब रहे।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में वाहन लूट के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी अभिमन्यु उर्फ राजा उर्फ हनी घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहीं, उसके दो अन्य साथी छोटू और ध्रुव मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस अब इन दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस तरह दिया था लूट की वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी मुठभेड़ कुरावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत घिरोर रोड पर हुई। गिरफ्तार आरोपी अभिमन्यु अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन लूट की वारदातों को अंजाम देता था। इन बदमाशों ने औरैया जिले से एक चार पहिया वाहन को किराये पर बुक किया था। इसके बाद रास्ते में चालक को लघुशंका (पेशाब) करने के बहाने गाड़ी रोकने के लिए कहा। जैसे ही चालक ने वाहन रोका, आरोपियों ने उसे जबरन गाड़ी से नीचे उतार दिया और वाहन लूटकर मौके से फरार हो गए।

यह सनसनीखेज घटना छब्बीस से सत्ताईस अक्टूबर की दरमियानी रात कुरावली थाना क्षेत्र में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पाँच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था। क्षेत्राधिकारी कुरावली, थाना प्रभारी और स्वाट एवं सर्विलांस प्रभारी के नेतृत्व में बनाई गई इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से अपराधियों की सुरागरसी शुरू की थी।

एनकाउंटर में पकड़ा गया मुख्य आरोपी

लगातार जांच और तकनीकी तलाश के बाद पुलिस को बदमाशों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे। इसी आधार पर पुलिस टीम ने घिरोर रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान बदमाशों की तरफ से पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में अभिमन्यु के पैर में गोली लग गई। उसका साथी छोटू और ध्रुव अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से लूटी गई कार और एक अवैध असलहा भी बरामद कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मुकदमों की भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक तिवारी ने बताया कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram