कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में हाथियों के बढ़ते आतंक को रोकने के लिए वन विभाग नई तकनीक का इस्तेमाल करने जा रहा है। अब हाथियों के गांवों में पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों को उनकी मौजूदगी की जानकारी मिल जाएगी। इसके लिए जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाले निगरानी टावर लगाए जाएंगे।
इस योजना पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वन विभाग जल्द ही योजना को मंजूरी के लिए राज्य मुख्यालय भेजेगा। मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। विभाग ने मार्च 2027 तक योजना पूरी करने का लक्ष्य रखा है।
यह भी पढ़ें: आड्रे हाउस में गीत-संगीत की शाम, मुकेश कुमार ने की कलाकारों की सराहना
वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) सौमित्र शुक्ला के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। जैसे ही हाथियों का झुंड गांवों की तरफ बढ़ेगा, आसपास के लोगों के मोबाइल पर अलर्ट भेज दिया जाएगा। इससे ग्रामीण समय रहते सुरक्षित स्थान पर जा सकेंगे।
जयनगर और मरकच्चो में पहले लगाए जाएंगे AI टावर
योजना के पहले चरण में जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के उन इलाकों को चुना जाएगा, जहां हाथियों की आवाजाही सबसे ज्यादा होती है। यहां 4 से 5 बड़े AI निगरानी टावर लगाए जाएंगे। ये टावर 40 से 50 वर्ग किलोमीटर तक के क्षेत्र पर नजर रख सकेंगे।
इसके अलावा गांवों के आसपास हाथियों की सही लोकेशन पता करने के लिए 50 छोटे टावर भी लगाए जाएंगे। इन टावरों से हाथियों की गतिविधि का पता चलते ही वनकर्मियों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के मोबाइल पर अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: अर्जुन मुंडा की मां के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू
रामगढ़, दलमा और पलामू के बाद कोडरमा झारखंड का चौथा जिला होगा, जहां हाथियों की निगरानी के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
थर्मल ड्रोन से रात में भी मिलेगी हाथियों की जानकारी
हाथियों की निगरानी के लिए वन विभाग ने एक थर्मल ड्रोन कैमरा भी खरीदा है। तीन और कैमरे खरीदने की तैयारी चल रही है।
इस कैमरे की मदद से रात के अंधेरे और घने जंगलों में भी हाथियों का पता लगाया जा सकेगा। यह कैमरा जानवरों के शरीर से निकलने वाली गर्मी के आधार पर उनकी पहचान करता है।
इससे पहले वन विभाग ANIDERS सिस्टम का इस्तेमाल करता था। इसमें हाथियों की मौजूदगी का पता चलने पर हूटर बजता था। लेकिन इस सिस्टम में दूसरे बड़े जानवरों के आने पर भी हूटर बजने लगता था। इससे कई बार गलत अलर्ट मिलते थे। अब AI तकनीक से जानवरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का बेहतर तरीके से विश्लेषण किया जाएगा।
2026 में हाथियों ने 162 जगहों पर मचाया उत्पात, 8 लोगों की मौत
कोडरमा जिले में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। साल 2026 में करीब 10 महीनों के दौरान हाथियों के झुंड 162 अलग-अलग स्थानों पर देखे गए। इनके हमलों में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है।
मार्च में हाथियों ने मरियमपुर, बोनाकाली और मरकच्चो के हरलाडीह में नुकसान पहुंचाया। अप्रैल में सतगावां के कटैया और जयनगर के कंझियाडीह में हाथियों की गतिविधियां देखी गईं।
मई में भखरा, जून में डोमचांच के गोलगो और तेतरियाडीह तथा जुलाई में खंडराडीह में हाथियों ने नुकसान पहुंचाया।
जयनगर और मरकच्चो के गांवों के अलावा बराकर नदी के किनारे बसे गांव भी हाथियों से प्रभावित हैं। मरकच्चो के जाम, नादकरी, दसारो, पपलो और कानीकेंद तथा सतगावां के गलबाती और राजाबर में भी हाथियों की आवाजाही बनी रहती है।
हाथी के हमले में मौत पर परिवार को मिलता है 10 लाख रुपये मुआवजा
हाथियों के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर वन विभाग की ओर से उसके परिवार को कुल 10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाता है।
इसमें 5 लाख रुपये तत्काल परिवार को दिए जाते हैं, जबकि बाकी 5 लाख रुपये की एफडी कराई जाती है। इसके अलावा मृतक के आश्रित को अगले तीन साल तक हर महीने 2 हजार रुपये पेंशन देने का भी प्रावधान है।
वहीं, हाथियों के हमले में फसल, मकान या पशुधन को नुकसान पहुंचने पर भी वन विभाग के नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाता है।
नई AI तकनीक और थर्मल ड्रोन कैमरों से वन विभाग को उम्मीद है कि हाथियों की गतिविधियों की समय रहते जानकारी मिलेगी और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
संबंधित खबरें
- Jharkhand आड्रे हाउस में गीत-संगीत की शाम, मुकेश कुमार ने की कलाकारों की सराहना
- Jharkhand अर्जुन मुंडा की मां के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू
- Jharkhand IITF-2026 में झारखंड का जलवा, एक सीप में तैयार होंगे 7 से 8 मोती
- Jharkhand पारसनाथ दर्शन कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की हालत गंभीर







