जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर ससुर और बहू की बेरहमी से हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान खावा गांव निवासी 55 वर्षीय शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों पर टांगी से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
परिजनों के आरोप के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे के बाद बासुदेव मंडल कथित रूप से घर में घुसा। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने टांगी से हमला कर शुकर मंडल और शीला देवी की हत्या कर दी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और हत्याकांड का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड के सभी थानों में लगेंगे CCTV कैमरे, हाईकोर्ट में सरकार ने मांगा 3 सप्ताह का समय
शव उठाने से रोका और तनाव
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी आरके राणा को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने अवर निरीक्षक सोनू कुमार वर्मा को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करना चाहती थी, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
दोहरे हत्याकांड से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को दोनों शव उठाने से रोक दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक कोई वरीय पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचता, तब तक शवों को वहां से नहीं उठाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। विरोध के कारण पुलिस टीम को बिना शव उठाए वापस लौटना पड़ा। इस दौरान गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई व बयान
डीएसपी आरके राणा ने बताया कि खावा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति और उनकी बहू की हत्या हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में डबल मर्डर, आधी रात घर में सो रहे ससुर-बहू पर टांगी से काट डाला
जांच और शांति व्यवस्था की चुनौती
फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस के सामने एक ओर हत्या की गुत्थी सुलझाने और आरोपितों की गिरफ्तारी की चुनौती है, तो दूसरी ओर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखना भी बड़ी जिम्मेदारी है।
संबंधित खबरें
- Jharkhand झारखंड के सभी थानों में लगेंगे CCTV कैमरे, हाईकोर्ट में सरकार ने मांगा 3 सप्ताह का समय
- Jharkhand गिरिडीह में डबल मर्डर, आधी रात घर में सो रहे ससुर-बहू पर टांगी से काट डाला
- Jharkhand कोल ब्लॉक सर्वे का विरोध पड़ा भारी, झड़प में 12 पुलिसकर्मी जख्मी
- Jharkhand मां के जाने से टूटा जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा, अर्जुन मुंडा ने बयां किया दर्द








