अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा कंपनी फाटक के समीप सक्रिय स्क्रैप मेटल चोरी गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने शुक्रवार देर रात कार्रवाई करते हुए स्क्रैप से भरे एक स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया। वाहन में करीब आधा टन स्क्रैप मेटल लदा हुआ था। इसके अलावा आसपास के इलाके से लगभग 10 टन स्क्रैप मेटल बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि चोरी का यह माल विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से अवैध तरीके से इकट्ठा कर बेचा जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पीएसआई रामकाशी, पीएसआई ईशु राम और पीएसआई धर्मवीर कुमार शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्क्रैप मेटल कहां से चोरी किया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

