फॉण्ट कनवर्टर NEW

सरायकेला में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, ईंट भट्टों में मचा हड़कंप

Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अनियमित उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मौजा कुलुपटांगा, आनंदपुर (बनडीह) तथा नीमडीह

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अनियमित उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मौजा कुलुपटांगा, आनंदपुर (बनडीह) तथा नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका में संचालित ईंट भट्टा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से ईंट भट्टा संचालकों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान खनन विभाग की टीम ने मौजा कुलुपटांगा और आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्टा इकाइयों को संचालित अवस्था में पाया। जांच के क्रम में इन इकाइयों में मिट्टी खनिज का उत्खनन एवं भंडारण किया हुआ मिला। विभागीय अधिकारियों ने संबंधित इकाइयों के दस्तावेजों और खनिज उपयोग की स्थिति की भी जांच की। प्रारंभिक जांच में नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर दोनों संचालित इकाइयों के विरुद्ध विभागीय प्रावधानों के तहत नोटिस जारी करने तथा मांगपत्र निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खनन विभाग की टीम को मौजा कुलुपटांगा में एक अन्य ईंट भट्टा इकाई बंद अवस्था में मिली। अधिकारियों ने वहां भी उपलब्ध संसाधनों और पूर्व संचालन से संबंधित जानकारी एकत्र की। वहीं नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा इकाई के संचालक द्वारा कार्यालय में राजस्व संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद संबंधित कागजातों की जांच की जा रही है।
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने जिला प्रशासन और खनन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram