रांची: सिख पंथ के पहले गुरु, श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व रांची में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा मैदान में रविवार को भव्य विशेष दीवान सजाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गुरु का अटूट लंगर भी चलाया गया, जिसमें 15 हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शबद कीर्तन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
विशेष दीवान की शुरुआत सुबह 10 बजे स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल और डॉली गिरधर ने शबद गायन से की। इसके बाद गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल कमड़े और गुरु नानक बाल मंदिर स्कूल के बच्चों ने भी शबद कीर्तन प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़ें: धनबाद में ब्लिंकिट डिलीवरी राइडरों का हंगामा, पे-आउट बढ़ाने की मांग पर अड़े
गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जेवेन्दर सिंह ने कथा के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके उपदेशों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में तलवंडी में हुआ था, जिसे आज ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। उन्होंने हमेशा सच्चाई, समानता और मानवता का संदेश दिया।
रागी जत्थों ने शबद गायन से संगत को किया भाव विभोर
हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह और उनके साथियों ने शबद कीर्तन किया। दिल्ली से आए विशेष रागी जत्था भाई गुरमनप्रीत सिंह ने भी कई शबद प्रस्तुत किए। उनके कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो गया।
श्री आनंद साहिब के पाठ, अरदास, हुक्मनामा और कढ़ाह प्रसाद वितरण के साथ दोपहर 2:55 बजे दीवान की समाप्ति हुई।
यह भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर सियासत तेज, भाजपा ने मांगा जवाब
राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री ने दी बधाई
कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारा में माथा टेककर संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी और गुरु नानक देव जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी कार्यक्रम में पहुंचे और श्रद्धालुओं को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। गुरुद्वारा सभा के प्रधान अर्जुन देव मिड्ढा ने अतिथियों को सरोपा देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सीपी सिंह, रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मेधावी बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान गुरु नानक बाल मंदिर स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विभिन्न स्मृति और शैक्षणिक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
रक्तदान शिविर में 30 लोगों ने किया रक्तदान
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु नानक सेवक जत्था की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें 6 महिलाओं समेत कुल 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शिवम ऑर्किड हॉस्पिटल ब्लड बैंक के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें 1746 लोगों की शुगर, ब्लड प्रेशर, थायराइड, कोलेस्ट्रॉल और यूरिक एसिड की मुफ्त जांच की गई। लोगों को खानपान और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह भी दी गई।
भव्य नगर कीर्तन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दीवान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे गुरुद्वारा मैदान से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को फूलों से सजी पालकी में विराजमान किया गया। पांच निशानचियों और पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा।
नगर कीर्तन रातू रोड, प्यादा टोली, महावीर चौक, गांधी चौक, शहीद चौक, शास्त्री मार्केट, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, डेली मार्केट और मेन रोड होते हुए पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर पहुंचा। रात 9:15 बजे नगर कीर्तन का समापन हुआ।
शहर के विभिन्न गुरुद्वारों की प्रभात फेरियां भी इसमें शामिल हुईं। रास्ते भर शबद गायन से पूरा शहर भक्तिमय हो गया।
गतका पार्टी ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
नगर कीर्तन के दौरान जमशेदपुर की बहादुर खालसा गतका पार्टी ने पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने कई हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
विभिन्न संगठनों ने किया नगर कीर्तन का स्वागत
नगर कीर्तन का शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। भाजपा रांची महानगर, श्री महावीर मंडल, पंजाबी हिंदू बिरादरी, विश्व हिंदू परिषद, अंजुमन इस्लामिया कमिटी, चर्च कॉम्प्लेक्स दुकानदार समिति समेत कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
गुरुद्वारा सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा और सचिव सुरेश मिड्ढा ने कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं और सहयोग करने वाली संस्थाओं का आभार जताया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर कई सामाजिक संस्थाओं ने चाय, पानी, शरबत, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री के सेवा शिविर लगाए। पूरे आयोजन में सेवा, भाईचारे और मानवता का संदेश देखने को मिला।
संबंधित खबरें
- Jharkhand धनबाद में ब्लिंकिट डिलीवरी राइडरों का हंगामा, पे-आउट बढ़ाने की मांग पर अड़े
- Jharkhand बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर सियासत तेज, भाजपा ने मांगा जवाब
- Jharkhand पलामू में गृह प्रवेश का भोज बना मुसीबत, 200 से अधिक लोग बीमार
- Jharkhand JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने आयोजित की छात्र महापंचायत, कई मुद्दों पर चर्चा












