अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कंपनी में हुई बड़ी लूट का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। इस लूटकांड में शामिल दो अपराधियों – अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ नेपु – को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने दोनों के पास से 1.23 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, एक हेलमेट और लूट के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लूट की योजना बनाने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि कंपनी का ही कर्मचारी अजीत बेहरा था। उसका पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। मौके का फायदा उठाते हुए उसने अपने चार साथियों के साथ लूट की योजना बनाई। पुलिस अब तक दो को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।
लूट की रकम को लेकर सामने आई नई बात
शुरुआती जांच में 10.25 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी, लेकिन आरोपियों ने इस रकम से इनकार किया है। पुलिस जांच में यह बात निकलकर आई कि करीब साढ़े चार लाख रुपये की लूट हुई थी। बरामद 1.23 लाख रुपये उसी रकम का हिस्सा है। बाकी रकम कहां गई और किसने कितनी हिस्सेदारी ली – यह जानने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी अब मुख्य प्राथमिकता है। सिटी एसपी ने साफ कहा कि जल्द ही बाकी आरोपी भी पकड़ लिए जाएंगे और पूरी रकम बरामद करने की कोशिश जारी है।

