चैनपुर (गुमला): उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल, टोंगो में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को प्रथम वार्षिक खेल दिवस समारोह बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जारी प्रखंड के बीडीओ शामिल हुए। विद्यालय की सेक्रेटरी सिस्टर जुलिता टोप्पो सहित कई धर्मबहनें, विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक भी समारोह के साक्षी बने।
यह भी पढ़ें: सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
कार्यक्रम की शुरुआत बैंड पार्टी और स्काउट दल की अगुवाई में मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं उन्हें सम्मानपूर्वक खेल मैदान तक लाने के साथ हुई। इसके बाद ध्वजारोहण, मशाल प्रज्वलन, मार्च पास्ट और खेल शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय देते हुए आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
खेल प्रतियोगिताओं से पहले बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मास ड्रिल और मनमोहक नागपुरी नृत्य ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें सीनियर वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, रिले रेस, सैक रेस, आईक्यू टेस्ट सहित कई रोचक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, NSUI ने किया प्रशासनिक भवन का घेराव
मौके पर मुख्य अतिथि मेरी लकड़ा और विशिष्ट अतिथि जारी के बीडीओ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने और मेहनत के बल पर अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में मुख्य अतिथि मेरी लकड़ा द्वारा समापन समारोह संपन्न कराया गया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, धर्मबहनों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। विद्यालय का यह पहला वार्षिक खेल दिवस समारोह उत्साहपूर्ण सहभागिता और यादगार पलों के साथ संपन्न हुआ।

संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
- झारखंड हूल, उलगुलान और CM हेमंत सोरेन… संघर्ष से सत्ता में दमदार वापसी की दास्तान
- #ट्रेंडिंग डुमरी में तालाब के पास मिला लगभग 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव, इलाके में सनसनी
- #ट्रेंडिंग चैनपुर सीएचसी में स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया ऑनलाइन प्रशिक्षण, 10 विषयों की मिली जानकारी










