रांची/सिमडेगा: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने एक नाबालिग से जुड़े कथित यौन शोषण मामले को सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित क्रूरता पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से इस पूरे घटनाक्रम को बेहद चिंताजनक बताते हुए झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से स्वतः संज्ञान लेने तथा अपनी देखरेख में निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
घंटों पिटाई और यातना देने का आरोप
मरांडी ने कहा कि सिमडेगा से मिली स्थानीय जानकारियों के अनुसार, पाकरटांड़ थाना पुलिस ने पत्रकार अभिषेक भारती पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए उन्हें घंटों प्रताड़ित किया गया। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर की दोपहर तक रुक-रुककर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। आरोपों के मुताबिक, अभिषेक के तलवों पर लाठियां मारी गईं, उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर हाथों पर वार किए गए और उन्हें औंधा लिटाकर पीटा गया।
“यदि हिरासत में किसी व्यक्ति को इस स्तर तक प्रताड़ित किया जाए कि वह जान बचाने के लिए कोरे कागज पर भी हस्ताक्षर करने को विवश हो जाए, तो हिरासत के दौरान लिए गए हर हस्ताक्षर और दस्तावेज की गहन जांच होनी चाहिए।” — बाबूलाल मरांडी
अदालत में पेशी के दौरान बेहोशी और अस्पताल पहुंचने पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने अदालत में पेशी के समय की परिस्थितियों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मिली जानकारी के हवाले से उन्होंने कहा कि रिमांड के लिए सिमडेगा कोर्ट लाए जाने के समय अभिषेक चलने की स्थिति में नहीं थे और कथित तौर पर चार पुलिसकर्मी उन्हें सहारा देकर जज के सामने ले गए, जहां वे अचेत होकर गिर पड़े। आरोप है कि अदालत के निर्देश के बावजूद उन्हें सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले जाया गया और स्थिति अधिक बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने अभिषेक के बेहतर उपचार और किसी भी पुलिसिया दबाव से मुक्त होकर मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने की मांग की है।
पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो मिटाने और साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग
मरांडी ने इस प्रकरण से जुड़े एक अन्य पहलू का जिक्र करते हुए कहा कि कोर्ट परिसर में अभिषेक की स्थिति का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को कथित तौर पर टाउन थाने ले जाकर करीब चार घंटे बैठाए रखा गया और उनके फोन से फुटेज डिलीट करवाने के बाद रात में छोड़ा गया। उन्होंने मांग की है कि तीनों पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना पक्ष रखने का मौका मिले और यह स्पष्ट हो कि वीडियो किसके आदेश पर मिटाए गए।
अंत में मरांडी ने सिमडेगा एसपी से हिरासत और पेशी के दौरान अभिषेक की शारीरिक स्थिति, पेशी के बाद के आवागमन और अस्पताल पहुंचने के समय को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। साथ ही पाकरटांड़ व टाउन थाने के सीसीटीवी फुटेज, स्टेशन डायरी, मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट और अस्पताल के रिकॉर्ड तत्काल सुरक्षित कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Trusted Source on
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
- झारखंड हूल, उलगुलान और CM हेमंत सोरेन… संघर्ष से सत्ता में दमदार वापसी की दास्तान
- #ट्रेंडिंग डुमरी में तालाब के पास मिला लगभग 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव, इलाके में सनसनी
- #ट्रेंडिंग उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल टोंगो का प्रथम वार्षिक खेल दिवस बना यादगार










