अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/घाघरा:-गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसते हुए नकद राशि समेत कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित जितेंद्र साहू, पिता स्वर्गीय मुंशी साहू, निवासी गम्हरिया गांव ने इस संबंध में घाघरा थाना में लिखित आवेदन दिया है। पीड़ित के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को वे अपने साढ़ू अनिल साहू के घर बनई में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनका घर पूरी तरह बंद था और परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
अगले दिन 20 दिसंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे गांव के ही बबलू गोप ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा और ताला खुला हुआ है। सूचना मिलते ही जितेंद्र साहू शाम को घर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का ताला टूटा हुआ है।
पीड़ित ने बताया कि अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा शादी के उपहार में मिले सोने और चांदी के कीमती जेवर भी चोरी हो गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार चोरी से कुल लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घाघरा थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घाघरा से दीनदयाल राम की रिपोट

