फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

नीतीश का सपना पूरा करने में जुटे CM सम्राट, नदियों की गाद से बनेगी सड़क!

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से लौटने के तुरंत बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार से उनके आवास पर मिले और केंद्र सरकार के साथ हुए 'गाद नीति' समझौते समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Patna: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से वापस पटना लौट आए हैं। राजधानी लौटने के तुरंत बाद उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से उनके सात सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली प्रवास के दौरान हुए अहम फैसलों और केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई बैठकों के बारे में नीतीश कुमार को विस्तार से अवगत कराया।

नीतीश कुमार के सपनों को जमीन पर उतार रहे हैं: सीएम

पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने नीतीश जी को बधाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम रहते हुए नीतीश कुमार ने जो भी महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे और जो सपने देखे थे, उन्हें अब धरातल पर उतारा जा रहा है और मिलकर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नदियों से गाद निकालने को लेकर केंद्र सरकार के साथ एक ऐतिहासिक समझौता किया गया है।

सम्राट चौधरी ने कहा, ”बिहार की नदियों से गाद निकालने को लेकर बातचीत हुई है, जिससे राज्य में हर साल आने वाली बाढ़ की स्थिति से निपटने में काफी हद तक मदद मिलेगी। नदियों से गाद निकालने का यह कार्य केंद्रीय परिवहन विभाग के माध्यम से किया जाएगा। मैं नीतीश जी को बधाई देता हूँ कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार को संगठित अपराध से मुक्त किया और हम सब मिलकर उनके उसी सुशासन को आगे बढ़ा रहे हैं।”

हाइवे निर्माण में होगा नदियों के सिल्ट का उपयोग

बिहार सरकार लंबे समय से एक राष्ट्रीय गाद नीति बनाने की मांग करती रही है। इसी कड़ी में सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में नदियों के सिल्ट (गाद) को लेकर बड़ा समझौता हुआ है। इसके तहत केंद्रीय सड़क एवं परिवहन विभाग एक तय प्रक्रिया के तहत बिहार की नदियों से चार लाख क्यूबिक मीटर गाद निकालेगा, जिसका उपयोग सड़कों के निर्माण में किया जाएगा। इस नीति से दो बड़े लाभ होंगे…एक तो नदियों की जल-धारण क्षमता बढ़ने से बाढ़ के खतरे से बचाव होगा, और दूसरा सड़क निर्माण के लिए खेतों से उपजाऊ मिट्टी काटे जाने पर रोक लगेगी।

छठ पूजा पर अधिक ट्रेनों की मांग

त्योहारों के सीजन को देखते हुए सीएम ने केंद्र सरकार के सामने प्रवासियों की सुविधा का भी विशेष मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि आगामी छठ पूजा के मद्देनजर देश के विभिन्न हिस्सों से बिहार आने वाले प्रवासियों के लिए भारतीय रेलवे से अतिरिक्त ट्रेनों की मांग की गई है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने का आग्रह किया है, ताकि पर्व के दौरान घर लौटने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार के कई अन्य वरिष्ठ मंत्रियों से भी मुलाकात की थी और लौटते ही पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मिलकर इन सभी विकास कार्यों और फैसलों की जानकारी साझा की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram