Skip to content
Log In
बागवानी करने वालों को सरकार देगी 2 लाख तक, मंत्री विजय सिन्हा ने बताई पूरी योजना बिहार में छोटा मकान बनाने वालों की बल्ले-बल्ले, नक्शे का झंझट खत्म! जानें नए नियम महंगाई और कटौती से भड़का जनता का गुस्सा, बेल्जियम में 50 हजार का प्रदर्शन राजशाही पर पोस्ट करना पड़ा भारी, थाई सांसद की सजा 6 से घटकर 3 साल हुई रूसी ड्रोन के मलबे से कीव में मची तबाही, इमारत और कारें जलकर खाक कितना सीखा, अब स्कूलों में खुलेगी बच्चों की पढ़ाई की पोल, योगी सरकार ने कसी कमर कुर्ला की घटना के बाद बीएमसी सख्त, मदरसे के भवन की होगी जांच रांची-दिल्ली का हवाई किराया 31 हजार पहुंचा, इरफान अंसारी ने PM मोदी से की अपील भोरे-भोरे कांपी बिहार की धरती, 2 सेकंड के झटके से मची हलचल मौत बनकर आया ट्रक! स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, पांच की गई जान, 4 घायल

बिहार में छोटा मकान बनाने वालों की बल्ले-बल्ले, नक्शे का झंझट खत्म! जानें नए नियम

बिहार सरकार ने नई भवन उपविधि-2026 लागू कर दी है, जिससे 10 मीटर तक ऊंचे मकानों के लिए नगर निकाय से नक्शा पास कराने की बाध्यता खत्म हो गई है और अब FAR 3.0 से अधिक निर्माण हो सकेगा।

बिहार में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब छोटा मकान बनाने के लिए आम लोगों को नगर निगम या नगर परिषद के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार ने भवन निर्माण के पुराने नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए ‘बिहार भवन उपविधि-2026’ लागू कर दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने 17 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन नए नियमों की जानकारी दी थी। इस फैसले का सीधा लाभ उन लोगों को मिलेगा, जो शहरी क्षेत्रों में अपनी जमीन पर घर बनाना चाहते हैं। अब तक नक्शा पास कराने में महीनों लग जाते थे और फाइलें एक से दूसरे दफ्तर घूमती रहती थीं, लेकिन नई व्यवस्था में इस पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया गया है।

नई उपविधि के तहत सबसे बड़ी राहत छोटे मकान बनाने वालों को मिली है। अब 10 मीटर तक ऊंचे और 2,500 वर्ग मीटर तक के कुल निर्मित क्षेत्रफल वाले सामान्य आवासीय भवनों के लिए पहले की तरह नगर निकाय से नक्शा स्वीकृत कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कोई भी बिना नियमों का पालन किए निर्माण कर सकेगा। घर का नक्शा किसी पैनलबद्ध आर्किटेक्ट या तकनीकी विशेषज्ञ से तैयार कराकर प्रमाणित करवाना अनिवार्य होगा। इसके बाद उस नक्शे को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर तय शुल्क जमा करना होगा, जिसके बाद प्रमाणपत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। वहीं, भवन निर्माण पूरा होने के बाद पूर्णता प्रमाणपत्र लेना भी जरूरी होगा।

यह भी पढ़ें: बागवानी करने वालों को सरकार देगी 2 लाख तक, मंत्री विजय सिन्हा ने बताई पूरी योजना

सरकार ने नए नियमों में भवनों को उनकी ऊंचाई और संभावित जोखिम के आधार पर तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है। इसके मुताबिक, 10 मीटर तक के भवन निम्न जोखिम (Low Risk), 10 से 24 मीटर तक के भवन मध्यम जोखिम (Medium Risk) और 24 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भवन उच्च जोखिम (High Risk) की श्रेणी में आएंगे। यानी इमारत जितनी ऊंची होगी, उसकी सुरक्षा और तकनीकी जांच के मानक उतने ही कड़े होंगे।

जमीन के बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए नए नियम में आधार FAR 3.0 रखा गया है। आसान शब्दों में समझें तो यदि किसी व्यक्ति के पास 1,000 वर्ग फीट का प्लॉट है, तो अब वह 3,000 वर्ग फीट तक का निर्माण कर सकेगा। इसके अलावा, प्रीमियम शुल्क देकर अतिरिक्त निर्माण करने का भी विकल्प दिया गया है, बशर्ते सड़क की चौड़ाई, सेटबैक और अन्य शर्तों का पूरा पालन किया जाए।

नई व्यवस्था में जिन बड़े भवनों के लिए विभागीय मंजूरी लेना जरूरी है, उनके नक्शों पर भी 30 दिनों के भीतर फैसला लेना अनिवार्य कर दिया गया है। तय समय सीमा में निर्णय न होने पर निर्धारित कानूनी शर्तों के तहत नक्शा स्वतः स्वीकृत माना जा सकेगा। इसके साथ ही पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक कार के लिए 15 वर्ग मीटर जगह छोड़ने का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें: भोरे-भोरे कांपी बिहार की धरती, 2 सेकंड के झटके से मची हलचल

इस बदलाव से आम लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी और ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से कामकाज में पारदर्शिता भी आएगी। लेकिन, सरकार ने प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ ही अवैध निर्माण के प्रति सख्त रुख भी अपनाया है। नक्शे से हटकर निर्माण करने, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने या तय सीमा से ज्यादा बनाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर, नई भवन उपविधि से बिहार के शहरों में घर बनाने की राह काफी आसान होने की उम्मीद है, अब नजर इस बात पर रहेगी कि नगर निकायों का ऑनलाइन सिस्टम कितनी तेजी से धरातल पर काम करता है।

Samsul Haque लेखक

संबंधित खबरें

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *