बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिहार के मोतिहारी से झारखंड के देवघर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: भोरे-भोरे कांपी बिहार की धरती, 2 सेकंड के झटके से मची हलचल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास हुई। यहां एक स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेतरहाट थाना प्रभारी ने बताया कि हादसा मंगलवार सुबह हुआ, जब सभी यात्री मोतिहारी से देवघर की ओर जा रहे थे।
इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा उनके सही पते की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों के साथ ही पीड़ितों का विवरण जुटाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: देर रात फोन कर घर से बुलाया, सुबह गली में मिला 20 साल के युवक का शव








