गुमला: प्रखंड के कोंडेकेरा और बुरुहातू वन क्षेत्र के बीच वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर झुंड से बिछुड़े हाथी के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। उसे बेहतर देखभाल और सुरक्षा के लिए पूर्वी सिंहभूम स्थित दलमा वन्यजीव अभयारण्य भेजा गया है। वहां विशेषज्ञों की देखरेख में उसकी देखभाल की जाएगी।
बसिया वन क्षेत्र के वनपाल शेखर सिंह ने बताया कि करीब दस दिन पहले हाथी का बच्चा घायल अवस्था में मिला था। उस समय उसे उसके झुंड से मिलाने का प्रयास किया गया था। वह करीब पांच-छह दिनों तक झुंड के साथ रहा, लेकिन बाद में फिर बिछुड़ गया। झुंड के अन्य हाथी कामडारा क्षेत्र से करीब 15-16 किलोमीटर दूर चले गए हैं। ऐसे में हाथी के बच्चे की सुरक्षा और देखभाल को लेकर वन विभाग ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर गुमला डीएफओ के नेतृत्व में बसिया, बिशुनपुर और गुमला के वनकर्मियों की संयुक्त टीम बनाई गई। सोमवार को कोंडेकेरा-बुरुहातू जंगल में अभियान चलाकर हाथी के बच्चे को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू अभियान में आदर्श जी, वनपाल शेखर सिंह, प्रधान वनरक्षी अशफाक हक, वनपाल राकेश मिश्रा, पीटर बाड़ा, सतीश भगत, प्रवीण तिर्की सहित तीनों क्षेत्रों की क्यूआरटी टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
– रिपोर्टर: सुंदरम कुमार






