अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Dhanbad News: कोयला कारोबारी एलबी सिंह के घर पर ED की कार्रवाई शुक्रवार को उस वक्त दिलचस्प और चौंकाने वाली बन गई, जब उन्होंने एजेंसी की टीम को बाहर रोके रखने के दौरान अपने डिजिटल डिवाइस से संवेदनशील डेटा मिटा दिया। सूत्रों के मुताबिक, यह वही डेटा था जिसमें उसकी व्यापारिक गतिविधियों, वित्तीय लेनदेन और कथित अवैध नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग छिपे हो सकते थे।
इस खबर भी पढ़ें: ED पहुंची तो एलबी सिंह ने छोड़ दिए कुत्ते, धनबाद में मचा हड़कंप
कुत्ते खोलकर ED टीम को रोकने की कोशिश
ED की टीम सुबह लगभग छह बजे धनबाद के “देव विला” पहुंची। अधिकारियों ने दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन एलबी सिंह ने दरवाजा खोलने के बजाय अपने पालतू कुत्तों को छोड़ दिया। बड़े आकार के कुत्तों को दरवाज़े पर देखकर टीम अंदर घुस नहीं पाई और मुख्य गेट पर ही रुकना पड़ा। टीम बाहर रुकी रही, और इसी समय का फायदा उठाकर एलबी सिंह ने अंदर मौजूद अपने लैपटॉप, मोबाइल, टैबलेट और अन्य डिजिटल डिवाइस का डेटा डिलीट करना शुरू कर दिया।
दो घंटे बाद खुला दरवाजा, लेकिन सबूत गायब
करीब दो घंटे की मशक्कत और चेतावनियों के बाद सुबह आठ बजे के बाद जाकर एलबी सिंह ने दरवाजा खोला। इसके बाद ED के अधिकारी अंदर पहुंचे और छापेमारी शुरू की। शुरुआती जांच में स्पष्ट हो चुका है कि एलबी सिंह ने डिजिटल डाटा को मिटाकर सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की।
कई जगह छापेमारी, नकदी की गिनती जारी
ED धनबाद में कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। एलबी सिंह के घर समेत अन्य जगहों से नकदी मिलने की पुष्टि हुई है, लेकिन उसकी आधिकारिक गिनती अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सबूत नष्ट करने के बावजूद ED की टीम उनके खिलाफ मजबूत तकनीकी और वित्तीय जानकारी जुटा रही है।
इस खबर भी पढ़ें: ईडी ने एक साथ 40 ठिकाने क्यों खंगाले? आखिर किसका नेटवर्क उजड़ा?

