Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार देर रात द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने 4 लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, यह हादसा न्यू पालम विहार के पास द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे पेश आया।
ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे मजदूर
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दिल्ली की दिशा से बेहद तेज गति में आ रही एक अनियंत्रित कार ने एक्सप्रेसवे किनारे सुरक्षा ग्रिल लगाने के कार्य में जुटे चार कर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
करनाल नेशनल हाईवे पर पिता-पुत्र की गई जान
इससे पहले हरियाणा के करनाल जिले में भी नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। बसताड़ा टोल प्लाजा के पास एक अज्ञात कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर के अनुसार, बाइक सवार दोनों लोग करनाल की ओर बढ़ रहे थे। मृतकों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी मोहम्मद अर्श और मोहम्मद जफर के रूप में हुई है, जो यहां रहकर मजदूरी करते थे।
फोटो वायरल होने के बाद परिजनों ने की पहचान
मृतकों के परिजनों ने बताया कि हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोशल मीडिया ग्रुप्स में तस्वीरें साझा होने के बाद परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी मिली और उन्होंने शवों की पहचान की। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि, अभी तक चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।




