सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ। सुरक्षाबलों ने आठ बैगों में पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए 32 किलो 190 ग्राम गांजा के साथ एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 16 लाख नौ हजार 500 रुपए बताई गई है। दोनों आरोपित कूचबिहार से गांजे की खेप लेकर सड़क मार्ग से सुल्तानगंज पहुंचे थे और यहां से विक्रमशिला एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली के आनंद विहार जाने की तैयारी में थे। स्टेशन पर पहले से सक्रिय आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। इस दौरान उनके दो अन्य साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर बिछा जाल, ट्रैक पार करते दिखे संदिग्ध
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के निर्देश पर रेलवे परिसरों में तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पूर्व रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त की निगरानी में 20 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे जमालपुर की अपराध खुफिया शाखा को सुल्तानगंज स्टेशन के रास्ते गांजा तस्करी की गोपनीय सूचना मिली। आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों की एक संयुक्त टीम गठित कर स्टेशन पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। करीब 11:55 बजे प्लेटफार्म संख्या एक से दो की ओर रेलवे ट्रैक पार करते हुए दो पुरुष और दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए, जिनके पास कई हैंडबैग और पिट्ठू बैग थे।
यह भी पढ़ें: बिहार में 91 हजार रोजगार सृजन, सुशासन के लिए प्रशासन में बड़े बदलाव
भीड़ का फायदा उठाकर दो फरार, रंजीत और रेणु गिरफ्तार
टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे तेजी से प्लेटफार्म पर फुटओवर ब्रिज के नीचे भीड़ की ओर बढ़ने लगे। इसी अफरातफरी में एक पुरुष और एक महिला भाग निकले, जबकि टीम ने घेराबंदी कर एक पुरुष और एक महिला को आठ बैगों के साथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में अपनी पहचान रंजीत कुमार (35) और रेणु देवी (40) के रूप में बताई तथा गांजा ले जाने की बात स्वीकार की। वहीं, फरार होने वालों की पहचान रंजीत की पत्नी मनीषा देवी और रेणु देवी के पुत्र जज कुमार के रूप में हुई है।
तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखने का भरोसा
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि स्टेशनों व ट्रेनों में तस्करी रोकने के लिए सख्त अभियान जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: सोनपुर मेला-2026 में 14 खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
संबंधित खबरें
- Bihar बिहार में 91 हजार रोजगार सृजन, सुशासन के लिए प्रशासन में बड़े बदलाव
- Bihar सोनपुर मेला-2026 में 14 खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
- Bihar घर-घर पहुंचेंगे स्वास्थ्यकर्मी, छूटे हुए बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
- Bihar CM सम्राट चौधरी ने महाकवि विद्यापति को दी श्रद्धांजलि, राज्यपाल भी रहे मौजूद













