वॉशिंगटन, (अमेरिका) | एजेंसी
ईरान के साथ जारी पांच हफ्तों की भीषण जंग ने अब व्हाइट हाउस के भीतर भी खलबली मचा दी है। एक तरफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनिया को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि स्थितियां उनके पूर्ण नियंत्रण में हैं, वहीं दूसरी ओर अपनी डगमगाती राजनीतिक जमीन को बचाने के लिए वे कैबिनेट में बड़े फेरबदल (Cabinet Reshuffle) की तैयारी कर रहे हैं। अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को हटाए जाने के बाद अब वाशिंगटन के गलियारों में चर्चा तेज है कि ट्रंप अपनी टीम के कई और खास चेहरों की छुट्टी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: महंगाई और कटौती से भड़का जनता का गुस्सा, बेल्जियम में 50 हजार का प्रदर्शन
युद्ध का सीधा असर अब अमेरिकी जनता की जेब और राष्ट्रपति की लोकप्रियता पर दिखने लगा है। पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों और बेकाबू महंगाई ने आम नागरिकों में भारी असंतोष पैदा कर दिया है। हालिया सर्वे के चौंकाने वाले आंकड़े बताते हैं कि ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर महज 36 प्रतिशत रह गई है, जो उनके इस कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है। व्हाइट हाउस के भीतर भी यह माना जा रहा है कि राष्ट्रपति का हालिया संबोधन जनता का भरोसा बहाल करने में नाकाम रहा है।
तुलसी गबार्ड और लुटनिक पर लटकी तलवार— सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप अपनी टीम के कुछ प्रमुख सदस्यों के प्रदर्शन से खासे नाखुश हैं। नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड और कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक के नामों पर गाज गिरनी लगभग तय मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रंप ने गबार्ड के विकल्पों पर अपने करीबियों से गुपचुप चर्चा शुरू कर दी है, वहीं लुटनिक अपने पुराने व्यावसायिक संबंधों को लेकर विवादों के घेरे में हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर व्हाइट हाउस इन खबरों को महज अफवाह बता रहा है, लेकिन अंदरूनी हलचल कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
जनता का मिजाज और ट्रंप की हताशा—ट्रंप के लिए सबसे बड़ी चुनौती अमेरिकी जनता का युद्ध विरोधी रुख है। एक अनुमान के मुताबिक, लगभग 60 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक इस जंग के खिलाफ हैं। उन्हें डर है कि लंबी खिंचती यह लड़ाई देश की अर्थव्यवस्था को गर्त में धकेल देगी। खुद ट्रंप के कट्टर समर्थकों में भी बढ़ती कीमतों को लेकर बेचैनी देखी जा रही है। इसके अलावा, राष्ट्रपति युद्ध की नकारात्मक मीडिया कवरेज से भी खासे नाराज हैं और उन्होंने अपनी पीआर टीम को ‘सकारात्मक खबरें’ सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है। पाम बॉन्डी के बाद अब वाशिंगटन की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ट्रंप की ‘हिट लिस्ट’ में अगला बड़ा नाम किसका होगा।
यह भी पढ़ें: राजशाही पर पोस्ट करना पड़ा भारी, थाई सांसद की सजा 6 से घटकर 3 साल हुई
संबंधित खबरें
- दुनिया महंगाई और कटौती से भड़का जनता का गुस्सा, बेल्जियम में 50 हजार का प्रदर्शन
- दुनिया राजशाही पर पोस्ट करना पड़ा भारी, थाई सांसद की सजा 6 से घटकर 3 साल हुई
- दुनिया रूसी ड्रोन के मलबे से कीव में मची तबाही, इमारत और कारें जलकर खाक
- दुनिया Nvidia दफ्तर लौटे जेनसन हुआंग, कर्मचारियों से मांगी माफी; शेयर 31% उछले










