रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नई तकनीकों के साथ खुद को लगातार अपडेट रखना चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को नई चीजें सीखने और अपने कौशल को विकसित करने की जरूरत है।
राज्यपाल गुरुवार को रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में आईसीएफएआई विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से नई संभावनाओं को तलाशने और अपने ज्ञान का उपयोग देश तथा समाज के विकास में करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी : बाबूलाल मरांडी
उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। केवल डिग्री हासिल करना ही काफी नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार के लिए जरूरी कौशल भी सीखना चाहिए। युवाओं को नौकरी पाने के साथ-साथ दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी काम करना चाहिए।
संविधान दिवस का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमारा संविधान लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। इसकी प्रस्तावना में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को सभी नागरिकों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों से कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में शोध और नवाचार को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शोध का लाभ केवल विश्वविद्यालयों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका फायदा आम लोगों को भी मिलना चाहिए।
यह भी पढ़ें: खनिज संपदा का लाभ स्थानीय लोगों को मिले, हेमंत सोरेन ने केंद्र के कानून पर उठाए सवाल
365 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
दीक्षांत समारोह में कुल 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 10 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी गई। इसके अलावा एमबीए, बीबीए, बीटेक, बीसीए, एलएलबी, एलएलएम और अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी उपाधियां दी गईं।
शैक्षणिक प्रदर्शन में बेहतर स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव, कुलपति कर्नल रंजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- झारखंड आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी : बाबूलाल मरांडी
- झारखंड खनिज संपदा का लाभ स्थानीय लोगों को मिले, हेमंत सोरेन ने केंद्र के कानून पर उठाए सवाल
- झारखंड बहुजन समाज के अधिकारों के लिए मूलनिवासी संघ का आंदोलन, संविधान दिवस पर किया प्रदर्शन
- #ट्रेंडिंग जब गढ़ा गया दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का जीवंत दस्तावेज









