Patna: बिहार में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर 48 घंटे का विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। 30 और 31 अगस्त को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 1 हजार 142 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुख्यालय के विधि-व्यवस्था प्रभाग द्वारा जारी आदेश के तहत सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) और वरीय पुलिस अधिकारियों के सीधे नेतृत्व में यह सघन तलाशी व गिरफ्तारी अभियान चलाया गया।
एक दर्जन जिलों से 13 अवैध हथियार और 116 कारतूस जब्त
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अपराधियों के पास से 13 अवैध आग्नेयास्त्र और 116 जिंदा कारतूस बरामद किए। हथियारों की बरामदगी मुख्य रूप से एक दर्जन जिलों से हुई, जिनमें पटना, नालंदा, रोहतास, बेगूसराय, खगड़िया, वैशाली, मोतिहारी, सिवान, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन हथियारों की बरामदगी से कई संभावित आपराधिक घटनाओं को समय रहते टालने में मदद मिली है।
11 हजार लीटर से अधिक शराब और मादक पदार्थ बरामद
शराबबंदी और नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने दो दिनों के भीतर 11 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की। इसमें 8,408 लीटर देसी शराब और 2,739 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अतिरिक्त मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 359 किलोग्राम गांजा, 142 ग्राम स्मैक, 55 ग्राम ब्राउन शुगर, 326 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 49 हजार 466 रुपये की नकद राशि बरामद की गई। नशाखोरी के आरोप में 27 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
54 हजार से अधिक वाहनों की चेकिंग, ₹81 लाख से अधिक का जुर्माना
सुरक्षा और सघन जांच के मद्देनजर राज्यभर में कुल 54 हजार 861 वाहनों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान यातायात और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 हजार 683 वाहनों से कुल 81 लाख 14 हजार 300 रुपये का शमन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया। इसके साथ ही विभिन्न आपराधिक कांडों में संलिप्त पाए गए 95 वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




