Bengaluru: बेंगलुरु के येलाहंका इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक फैक्ट्री मालिक ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी फैक्ट्री मालिक ने कर्मचारी को अपनी बेटी के साथ घर के एक कमरे में देख लिया था, जिसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया गया। मृतक की पहचान केरल के रहने वाले 22 वर्षीय किरण के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान तमिलनाडु के रहने वाले आनंद राज के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ खुलासा?
आरोपी आनंद राज की स्वीट कॉर्न बनाने वाली मशीनों की एक फैक्ट्री है और किरण (22) उसी फैक्ट्री में काम करता था। आरोपी की 19 साल की बेटी मैसूरु में प्री-यूनिवर्सिटी (PU) कोर्स की पढ़ाई कर रही है और वहीं हॉस्टल में रहती है। वह दशहरा की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी, और इसी दौरान वह किरण के करीब आ गई। पुलिस के मुताबिक, किरण के आनंद राज की बेटी के साथ संबंध थे, जिससे आनंद राज बिल्कुल भी खुश नहीं था।
घटना वाले दिन आनंद राज ने अपनी बेटी से कहा था कि वह तमिलनाडु स्थित अपने गांव जा रहा है। हालांकि, वह उसी दिन दोपहर के वक्त अपनी पत्नी के साथ चुपचाप येलाहंका स्थित अपने घर वापस लौट आया। जब आनंद राज घर के अंदर पहुंचा, तो उसने देखा कि किरण उसकी बेटी के साथ एक कमरे में मौजूद था। रंगे हाथों पकड़ने के बाद आनंद ने तुरंत अपनी बेटी को उसकी मां के साथ चिक्काबल्लापुर में एक रिश्तेदार के यहां भेज दिया, जबकि किरण को घर के अंदर ही रोक लिया।
पूरी रात की बेरहमी से पिटाई
जानकारी के सामने आया है कि आरोपी आनंद राज ने पूरी रात किरण की क्रिकेट बैट से बेरहमी से पिटाई की। इसके अगले दिन दोपहर के वक्त जब आरोपी ने किरण के पेट के निचले हिस्से में जोरदार लात मारी, तो वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसे एक ऑटो-रिक्शा में लादकर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही येलाहंका थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का गंभीर मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी फैक्ट्री मालिक आनंद राज को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।







