बिहार में औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को उद्योग विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि राजधानी पटना के फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया समेत मुजफ्फरपुर और मधुबनी औद्योगिक क्षेत्रों में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जा रही है। इस पहल से राज्य में उद्योग जगत को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। हाल ही में राज्य में 73 औद्योगिक इकाइयों को 100 एकड़ से अधिक जमीन आवंटित की गई है।
फतुहा में बनेगा स्पाइस पास्ता और सोयाबरी
उद्योग विभाग के अनुसार, राजधानी पटना के फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में स्पाइस पास्ता और सोयाबरी निर्माण इकाई की स्थापना की जा रही है। इसके लिए 7,500 स्क्वायर फुट क्षेत्र में 4.22 करोड़ रुपये की लागत से नई यूनिट तैयार की जा रही है। इससे पटना और आसपास के लोगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। गौरतलब है कि हाल ही में फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में मेडिकल सर्जिकल उपकरण निर्माण के लिए भी नई यूनिट्स की स्थापना की गई है।
यह भी पढ़ें: बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
मधुबनी में लगेगा प्लास्टिक वाटर टैंक का प्लांट
उत्तर बिहार के मधुबनी जिले स्थित लोहट फेज-1 में प्लास्टिक स्टोरेज टैंक निर्माण के लिए नई औद्योगिक इकाई स्थापित की जा रही है। इसके लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) द्वारा 2.84 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 स्क्वायर फुट जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस प्लांट के शुरू होने से मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और आसपास के जिलों में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।
मुजफ्फरपुर में बनेंगे स्वदेशी वाटर प्योरिफायर और गीजर
राज्य के मुजफ्फरपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक ब्लू सेफ वाटर प्योरिफायर और इलेक्ट्रिक गीजर निर्माण की इकाई लगाई जा रही है। इसके लिए बियाडा द्वारा 10,890 स्क्वायर फुट जमीन की स्वीकृति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 3.79 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस इकाई से बिहार में स्वदेशी तकनीक से निर्मित आरओ प्योरिफायर और इलेक्ट्रिक गीजर उपलब्ध होंगे, जिससे ‘मेड इन बिहार’ विजन को नई पहचान मिलेगी।
यह भी पढ़ें: पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
संबंधित खबरें
- बिहार बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
- बिहार पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
- बिहार सोनपुर मेले में 3 हजार में मिलेगा शाही ठाठ! AC कॉटेज में ठहरने का खास इंतजाम
- बिहार 11 दिसंबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, CM सम्राट ने अधिकारियों को दिए निर्देश










