यदि अचानक कोई जहरीला सांप सामने आ जाए तो वहां से दूर हटना बेहतर विकल्प है, लेकिन अगर सांप काट ले तो आपातकालीन स्थिति में उठाया गया हमारा पहला कदम ही जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने के बाद सबसे पहले अपने डर और घबराहट पर काबू पाना बेहद जरूरी है, क्योंकि अत्यधिक भय से कई बार दिल का दौरा भी पड़ सकता है। यदि सांप काट ले, तो वहां से तेजी से भागने की कोशिश बिल्कुल न करें। तेज भागने या शारीरिक हलचल करने से रक्त संचार तेज हो जाता है, जिससे जहर खून के जरिए हृदय, यकृत, गुर्दे और मस्तिष्क तक बहुत तेजी से पहुंच सकता है।
शांत रहें और सही तरीके से बांधें पट्टी
यह भी पढ़ें: आईआईटीएफ-2026 में झारखंड के फूड स्टॉल को रजत पदक
विशेषज्ञों के अनुसार, सांप काटने के तुरंत बाद किसी सुरक्षित स्थान पर बैठ जाएं और लंबी, गहरी सांस लेते हुए खुद को शांत रखें। जितनी कम हलचल होगी, जहर को शरीर में फैलने में उतना ही अधिक समय लगेगा। यदि शरीर पर तंग कपड़े, घड़ी या अंगूठी पहनी हो तो सूजन आने से पहले उन्हें तुरंत उतार दें और काटे गए स्थान को साबुन व पानी से साफ करें। इसके बाद उस जगह पर पट्टी बांधें, लेकिन ध्यान रहे कि पट्टी न तो बहुत अधिक कसी हो और न ही बहुत ढीली। बहुत कसकर पट्टी बांधने से रक्त संचार रुक सकता है और अंग खराब होने का खतरा रहता है। ऊपर से नीचे की ओर सामान्य दबाव से बंधी पट्टी लिम्फेटिक वैसल्स को बंद कर जहर को आगे बढ़ने से रोकती है, जबकि धमनियों (आर्टरीज) में ऑक्सीजन युक्त रक्त का प्रवाह बना रहता है। पट्टी न होने पर साफ सूती तौलिया, धोती या बनियान फाड़कर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
इन गलतियों से बचें, वरना बढ़ सकता है जान का खतरा
चिकित्सा विशेषज्ञों ने सांप काटने के बाद की जाने वाली आम गलतियों को लेकर सख्त चेतावनी दी है। प्रभावित हिस्से पर कभी भी बर्फ न लगाएं और न ही घाव से किसी तरह की छेड़छाड़ करें। फिल्मों या पुरानी धारणाओं की तरह घाव को दांत या ब्लेड से काटने तथा मुंह से खून चूसकर निकालने की कोशिश बिल्कुल न करें। इसके अतिरिक्त, पीड़ित को कॉफी या शराब न पिलाएं और न ही एस्पिरिन या आइबुप्रोफेन जैसी दर्द निवारक दवाएं दें, क्योंकि इनसे शरीर में आंतरिक रक्तस्राव (खून बहने) का खतरा काफी बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें: सात दशक पहले संसद में गूंजा था अलग झारखंड का स्वर










