महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान और महिला आयोगों की संस्थागत क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘शक्ति संवाद’ का पांचवां संस्करण शुक्रवार को बिहार के राजगीर में आयोजित किया जा रहा है। होटल तथागत के कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश के 20 राज्य महिला आयोगों के 105 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, शिकायतों के त्वरित निवारण, कानूनी संरक्षण और महिला कल्याण के लिए विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। इसमें राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर सहित कई गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे और राज्य आयोगों के अनुभवों व चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
यह भी पढ़ें: बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
चार सफल संस्करणों के बाद राजगीर में पांचवां आयोजन
‘शक्ति संवाद’ राष्ट्रीय महिला आयोग की एक प्रमुख पहल है, जिसका मकसद राज्य महिला आयोगों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ उनके बीच आपसी सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है। इस कार्यक्रम के अब तक चार सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के अयोध्या से हुई थी, जिसके बाद महाराष्ट्र के मुंबई, नई दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में इसका आयोजन किया गया। अब पांचवें संस्करण की मेजबानी के लिए ऐतिहासिक नगरी राजगीर को चुना गया है।
लिव-इन रिलेशनशिप के कानूनी पहलुओं पर होगी विशेष चर्चा
यह भी पढ़ें: पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
इस संवाद कार्यक्रम में ‘लिव-इन रिलेशनशिप पर न्यायिक दृष्टिकोण’ विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनी प्रावधानों, न्यायालयों के महत्वपूर्ण फैसलों और इस व्यवस्था में महिलाओं के अधिकारों एवं संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर गहराई से चर्चा होगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय और राज्य महिला आयोगों के बीच संवाद सत्र में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि अपनी प्राथमिकताओं, कार्य संचालन की समस्याओं और शिकायत निवारण तंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उपायों पर मंथन करेंगे।
राज्यों के नवाचारों और महिला कैदियों के अधिकारों पर फोकस
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के महिला आयोग अपने सफल नवाचारों, डिजिटल व्यवस्था, जागरूकता अभियानों और कानूनी हस्तक्षेप से जुड़े अनुभव साझा करेंगे, ताकि एक राज्य की प्रभावी पहल को दूसरे राज्यों में भी लागू किया जा सके। इसके अलावा, जेलों में बंद महिला कैदियों के अधिकार, कानून से संघर्षरत बच्चे (सीसीएल) और मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों जैसे संवेदनशील विषयों पर भी विशेष प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम के दौरान बनाए जाने वाले कार्य समूह सामूहिक चर्चा के बाद व्यावहारिक सुझाव और अनुशंसाएं तैयार करेंगे, जिन्हें ठोस कार्ययोजना बनाने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
संबंधित खबरें
- बिहार बिहार में एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार! सचिव बोले- 2030-31 तक बनेंगे 2 नए एयरपोर्ट
- बिहार पीएम आवास के पात्र लाभुकों को जल्द मिलेगी स्वीकृति, अधिकारियों को निर्देश जारी
- बिहार सोनपुर मेले में 3 हजार में मिलेगा शाही ठाठ! AC कॉटेज में ठहरने का खास इंतजाम
- बिहार 11 दिसंबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, CM सम्राट ने अधिकारियों को दिए निर्देश










