अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: रांची के कांके थाना क्षेत्र में चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या के आरोपी अभिषेक कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात हुई इस कार्रवाई में अभिषेक के दोनों पैरों में दो गोलियां लगी हैं। उसे इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद से अभिषेक फरार था और अपने परिवार के साथ राज्य छोड़ने की कोशिश कर रहा था। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर बनाई गई पुलिस टीम को सूचना मिली कि वह रांची से बाहर भागने की योजना बना रहा है। सूचना के बाद कांके और रातू पुलिस ने कई जगह नाके लगाए और अभिषेक को आईटीबीपी कैंप के पास घेर लिया।
पुलिस को देखते ही अभिषेक ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण एक मामूली ‘बिरयानी विवाद’ था।
दरअसल, शनिवार देर रात चौपाटी रेस्टोरेंट में अभिषेक और उसके साथियों ने बिरयानी ऑर्डर की थी। वेज और नॉन-वेज बिरयानी को लेकर रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग से उनकी बहस हो गई। गुस्से में अभिषेक ने विजय पर गोली चला दी, जो सीधे उनके सीने में लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। रविवार को स्थानीय लोगों और परिजनों ने कांके रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
एसएसपी रांची राकेश रंजन ने बताया कि आरोपी अभिषेक अपने परिवार के साथ भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने सतर्कता से कार्रवाई की और उसे पकड़ लिया।
वहीं, पूर्व पुलिसकर्मी हरेंद्र सिंह और उनके ड्राइवर को भी हिरासत में लिया गया है, क्योंकि उनके नाम भी इस मामले में सामने आए हैं।
पिछले 10 दिनों में रांची पुलिस की यह पांचवीं मुठभेड़ है, जिसमें अपराधियों को गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के कारोबार पर नकेल कसने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
घटना के बाद कांके और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि हत्या में और कौन शामिल था। एसएसपी ने कहा कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

