फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड के 8 लापता लोगों का सुराग जुटाने में लगेगी देशभर की पुलिस, CID ने जारी किया नोटिस

झारखंड से लापता आठ लोगों की तलाश अब देशभर में की जाएगी। अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने इन लोगों को खोजने के लिए हू एंड क्राई नोटिस जारी किया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड से लापता आठ लोगों की तलाश अब देशभर में की जाएगी। अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने इन लोगों को खोजने के लिए हू एंड क्राई नोटिस जारी किया है। इसमें लापता लोगों की तस्वीरें और उनकी पहचान से जुड़ी जानकारी पुलिस अधिकारियों के साथ साझा की गई है। लापता लोगों में छह दिन का एक नवजात बच्चा भी शामिल है।

2022 से लापता लोगों की भी तलाश

CID की ओर से जारी सूची में बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग समेत आठ लोग शामिल हैं। इनमें कुछ लोग वर्ष 2022 और 2023 से लापता हैं, जबकि अन्य के लापता होने के मामले 2025 और 2026 के हैं। सूची में गुमला के चैनपुर क्षेत्र से लापता दिव्यांश, बोकारो के निरंजन सिंह और रितेश कुमार साव उर्फ बंटी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा संतोष कुमार, जमशेदपुर के मुख्तार अहमद और राम सिरका, पाकुड़ से लापता नवजात बच्चे और बोकारो की पालानी देवी की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के साथ साझा की गई तस्वीरें

नोटिस में लापता लोगों के नाम, तस्वीर, उम्र, कद, रंग, लापता होने की तारीख और उस समय पहने गए कपड़ों की जानकारी दी गई है। शरीर पर मौजूद पहचान के निशान का विवरण भी साझा किया गया है। इससे दूसरे जिलों या राज्यों में किसी लापता व्यक्ति के मिलने पर उसकी पहचान करने में मदद मिलेगी।

दूसरे राज्यों की पुलिस से भी मांगी मदद

CID के एडीजी मनोज कौशिक की ओर से जारी पत्र के माध्यम से जोनल आईजी, रेंज डीआईजी और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को जानकारी भेजी गई है। इसमें रेलवे पुलिस और वायरलेस विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। CID का उद्देश्य पुलिस के बीच जानकारी साझा कर लापता लोगों की तलाश तेज करना और उन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाना है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram