रांची: झारखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत राज्य बनाने के लिए लंबी अवधि की योजना पर काम करना होगा। वर्ष 2050 तक इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार के साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। यह बातें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित ‘झारखंड चर्चा 2026’ में कहीं।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के गठन के 26 साल बाद अब राज्य के विकास की दिशा और उपलब्धियों पर विचार करने का समय है। उन्होंने विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों से राज्य के विकास के लिए व्यावहारिक सुझाव देने और एक मजबूत रोडमैप तैयार करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
प्राकृतिक संपदा और स्थानीय प्रतिभा बनेगी विकास का आधार
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा, जंगल, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से संपन्न है। इन संसाधनों का बेहतर उपयोग कर राज्य में उद्योग, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। इसके लिए आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
पर्यटन और गांवों की अर्थव्यवस्था पर फोकस
यह भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, NSUI ने किया प्रशासनिक भवन का घेराव
उन्होंने कहा कि झारखंड के जलप्रपात, पहाड़, जंगल, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को पर्यटन से जोड़कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। कृषि, पशुपालन और वन आधारित उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है।
राज्यपाल ने आदिम जनजातीय समूहों, भूमिहीन मजदूरों और एकल महिला मुखिया वाले परिवारों को आजीविका के बेहतर अवसर देने की जरूरत बताई। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड को आगे बढ़ाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और युवाओं के लिए रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण जरूरी है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
2047 के विकसित भारत में झारखंड की होगी अहम भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में झारखंड का योगदान महत्वपूर्ण होगा। इसके लिए पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के सफल विकास मॉडल और अनुभवों से भी सीखने की जरूरत है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘झारखंड चर्चा 2026’ में होने वाला मंथन राज्य के विकास की नई राह तैयार करेगा और 2050 तक समृद्ध झारखंड बनाने के संकल्प को मजबूत करेगा।
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
- झारखंड रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, NSUI ने किया प्रशासनिक भवन का घेराव
- झारखंड हूल, उलगुलान और CM हेमंत सोरेन… संघर्ष से सत्ता में दमदार वापसी की दास्तान
- #ब्रेकिंग न्यूज़ रांची नगर निगम की आर्थिक सेहत सुधारने को महापौर की आपात बैठक









