Patna: राजधानी पटना में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत राशि वितरण के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 1 लाख 60 हजार 201 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में अनुग्रहिक अनुदान के रूप में 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 112.14 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की।
प्रथम चरण में 15 सितंबर 2026 को 8 लाख 77 हजार 190 परिवारों के खातों में 614.03 करोड़ रुपये भेजे गए थे। इस प्रकार अब तक राज्य के कुल 10 लाख 37 हजार 391 बाढ़ पीड़ित परिवारों के खातों में कुल 726.17 करोड़ रुपये की सहायता राशि पहुंचाई जा चुकी है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों के लिए कृषि इनपुट अनुदान की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राहत वितरण के दौरान ऐलान किया कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को फसल क्षति की भरपाई के लिए 14 अक्टूबर को कृषि इनपुट अनुदान की राशि उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि किसानों को दशहरा के अवसर पर बड़ी राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी पात्र बाढ़ पीड़ित परिवार किसी कारणवश इस सहायता से छूट गए हैं, उन्हें जिला प्रशासन तुरंत चिह्नित करे और सूची में शामिल करे ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार वंचित न रहे।
दीपावली से पहले सड़कों और बुनियादी ढांचे की बहाली
बाढ़ के कारण राज्य में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और अन्य आधारभूत संरचनाओं की मरम्म्त को लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बुनियादी ढांचे के पुनर्स्थापन का कार्य पूरी प्राथमिकता के साथ किया जाए और इसे दीपावली से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ के प्रभाव को न्यूनतम करने और इसके स्थायी समाधान के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने सभी राज्यवासियों को आगामी दशहरा और पर्व-त्योहारों की हार्दिक बधाई देते हुए कामना की कि सभी परिवार खुशहाल रहें, बिहार समृद्ध बने और देश लगातार प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।





