रांची: झारखंड के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आधुनिक रोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित ‘मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह तथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम’ में शिरकत की और विभिन्न नियोक्ता व उद्योग संस्थानों द्वारा चयनित 3,044 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह उपलब्धि कल्याण विभाग की विशेष प्रयोजन वाहिनी प्रेझा फाउंडेशन के जरिए हासिल हुई है, जिसने अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच राज्य के गुरुकुल, आईटीआई और नर्सिंग कॉलेजों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षित कर प्लेसमेंट दिलाया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आज का दौर तेजी से बदल रहा है। पहले चार साल की इंजीनियरिंग पढ़ाई के बाद कैंपस प्लेसमेंट से नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का युग है, जहां डिग्री के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल भी बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने एचईसी का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी जिसे मदर फैक्ट्री कहा जाता था और जिसने देश के अधिकांश उद्योगों को खड़ा किया, वह समय के साथ खुद को नहीं बदल सकी, इसलिए आज हालात अलग हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय की धुरी पर टिके रहने और सफल होने के लिए बदलाव जरूरी है।
यह भी पढ़ें: राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो अपराधी घायल
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नई तकनीक और रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने के लिए प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास की पहल ‘प्रवर्तक – एआई फॉर ऑल’ के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ। इसके अलावा प्रेझा फाउंडेशन और टीवीएस फाउंडेशन के बीच भी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुए इन समझौतों से राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जुड़ने और रोजगार के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सोच में बदलाव की बात करते हुए कहा कि अब नर्सिंग और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में लैंगिक धारणाएं टूट रही हैं। राज्य सरकार ने पुरुषों को भी पुरुष स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया है, जबकि टेक्सटाइल क्षेत्र में भी पुरुषों के लिए बड़े अवसर हैं। उन्होंने कहा कि काम में महिला-पुरुष भेदभाव और समय की बाध्यताएं अब पीछे छूट रही हैं।
शिक्षा और कल्याण योजनाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के जरिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल बन रहा है और इनकी संख्या बढ़ाई जा रही है। कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में अब सरकार की ओर से भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार अपने खर्च पर चयनित 15 युवाओं को कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग देगी और भविष्य में एयर होस्टेस कोर्स भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रेझा फाउंडेशन व अन्य प्रशिक्षण केंद्रों को खनन, स्टील, पावर व अन्य स्थानीय गतिविधियों के अनुरूप प्रशिक्षण मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें: रांचीवासियों को मिलेगा साफ-सुथरा मांस, कांके स्लॉटर हाउस फिर से होगा चालू
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुबई में कार्यरत गुमला के राजधन उरांव और चेन्नई में काम कर रही खूंटी के तोरपा की अलका हेंब्रम समेत अन्य युवाओं से वर्चुअल माध्यम से बात कर उनके अनुभव जाने। समारोह में मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग गुरुनानक जयंती पर स्वच्छ और सुंदर दिखेगी रांची: विशेष सफाई अभियान तेज, श्रद्धालुओं की राह आसान
- #ट्रेंडिंग 5 दिसंबर से दौड़ेगा कांके का अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस, युद्धस्तर पर तैयारी
- #ट्रेंडिंग वार्ड 40 से करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी, नगर निगम ने दर्ज कराई सनहा
- भारत ‘नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे’, मोदी-बालेन की मुलाकात में 8 समझौते; 15 हजार करोड़ की मदद








