अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bhagalpur: जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके सगे दामाद ने घर बुलाकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान अशोक कुमार दास के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, करीब 15 वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी आशा की शादी लालूचक चंपानगर निवासी रविंद्र तांती से की थी। दंपति के चार बच्चे हैं, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें मिलती रही थीं।
Read more: भागलपुर में जमीन विवाद: खंती से हमला, अब पुलिस पर पक्षपात का आरोप
मृतक की पत्नी पुतुल देवी ने आरोप लगाया कि उनका दामाद लंबे समय से पांच लाख रुपये नकद और घर अपने नाम कराने की मांग कर रहा था। दहेज और संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता था तथा उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन ससुराल से फोन आया और कहा गया कि अपने पति को ले जाइए, उनकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, जहां अशोक कुमार दास मृत अवस्था में मिले। इसके बाद परिजनों ने दामाद पर सुनियोजित तरीके से हत्या करने का आरोप लगाया।
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, नाथनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पुष्टि में जुटी है।

