रांची: बच्चों का बचपन बचाने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाज से खत्म करने के लिए रांची में विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से शुक्रवार को ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत 100 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत हुई। व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा अनिल कुमार मिश्रा-1 ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अभियान के जरिए शहर से लेकर आम लोगों के बीच बाल विवाह के नुकसान, इससे जुड़े कानून और बच्चों के अधिकारों की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है बाल विवाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन और भविष्य को प्रभावित करता है। कम उम्र में शादी होने से बच्चों की पढ़ाई रुक सकती है और उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए सिर्फ कानूनी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
यह भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, NSUI ने किया प्रशासनिक भवन का घेराव
जागरूकता वाहन के जरिए गांव-मोहल्लों तक पहुंचेगा संदेश
100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है। डालसा की ओर से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
भेंडर मार्केट में लोगों के बीच बांटे गए पंपलेट
अभियान की शुरुआत के साथ ही रांची के भेंडर मार्केट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां डालसा की डिप्टी एलएडीसी कविता कुमारी खाती और पीएलवी दीपक मुंडा, बंधु उरांव, प्रदीप नाग, सिकन्दर मुंडा, रेनु देवी, उमेश कुमार और निशांत निश्चल ने लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान पंपलेट और लिफलेट बांटकर लोगों को जरूरी जानकारी दी गई।
न्यायिक अधिकारी और डालसा के सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1, डालसा सचिव इंचार्ज अभिषेक श्रीवास्तव, निबंधक-सह-जज इंचार्ज प्रशांत कुमार वर्मा सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, एलएडीसीएस के सदस्य, कर्मचारी और पीएलवी मौजूद रहे।
डालसा ने लोगों से बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग सिहरन भरी रातें और फूटपाथ पर संघर्ष: ठंड के दस्तक देते ही ठिठुरने लगे बेसहारा
- झारखंड रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, NSUI ने किया प्रशासनिक भवन का घेराव
- झारखंड हूल, उलगुलान और CM हेमंत सोरेन… संघर्ष से सत्ता में दमदार वापसी की दास्तान
- #ब्रेकिंग न्यूज़ रांची नगर निगम की आर्थिक सेहत सुधारने को महापौर की आपात बैठक









