रांची: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास, लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर अपनी बात रखी। उन्होंने विधानसभा को लोकतंत्र और मानवता का मंदिर बताते हुए कहा कि यह संस्था जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर है। यहां सभी को समान अधिकार मिलता है और इसी सदन से राज्य को नई दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने की जगह नहीं है, बल्कि यह पूरे राज्य के विकास का केंद्र है। इसी सदन से मंत्री, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे पदों की जिम्मेदारी संभाली जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा। यह किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास है।
यह भी पढ़ें: विधानसभा के स्थापना दिवस पर बोले राधाकृष्ण किशोर, अलग राज्य के संघर्ष को किया याद
गांधी और प्रधानमंत्री मोदी के विचारों का किया जिक्र
अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने महात्मा गांधी के विचारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया भाषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब 100 साल पहले महात्मा गांधी ने जिन बातों को उठाया था, आज उन्हीं मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपनी बात रखनी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ कई नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। मौजूदा व्यवस्था में भी सुधार की जरूरत है। इसके लिए बड़े स्तर पर बदलाव और बेहतर नीतियां बनाने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें: रेलवे ने जारी की कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट, यात्रा से पहले चेक करें तारीख
झारखंड के विकास और बजट का किया जिक्र
हेमंत सोरेन ने झारखंड गठन के बाद से राज्य की विकास यात्रा पर भी चर्चा की। उन्होंने पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल के बजट और वर्तमान बजट के आकार का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने पिछले 25 वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच-छह वर्षों में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई काम किए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास मॉडल की चर्चा देशभर में हो रही है।
2050 के झारखंड को लेकर सरकार बना रही योजना
मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए कहा कि सरकार केवल वर्तमान को ध्यान में रखकर काम नहीं कर रही है, बल्कि आने वाले दशकों की भी तैयारी कर रही है। वर्ष 2050 में झारखंड कैसा होगा, इसे लेकर सरकार ने योजना बनाने का काम शुरू किया है। इसके लिए नीतियां तैयार की जा रही हैं, ताकि राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने वर्ष 2026 के उत्कृष्ट विधायक चुने गए निरल पूर्ति की सादगी और जनता से जुड़ाव की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को दिखावे के बजाय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करना चाहिए।
संबंधित खबरें
- Jharkhand विधानसभा के स्थापना दिवस पर बोले राधाकृष्ण किशोर, अलग राज्य के संघर्ष को किया याद
- Jharkhand रेलवे ने जारी की कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट, यात्रा से पहले चेक करें तारीख
- Jharkhand धान बेचने के 48 घंटे में खाते में आएंगे पैसे! झारखंड सरकार ने बनाया खास प्लान
- Jharkhand NH-18 पर दर्दनाक हादसा, हेलमेट पहनने के बाद भी नहीं बची बाइक सवार की जान












