नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर चिंता जताई। साथ ही नशा मुक्त युवा अभियान, सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण और खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने में मदद करने वाले संचार साथी प्लेटफॉर्म के बारे में जानकारी दी।
नशे की लत युवाओं के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश के युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। पूरी दुनिया में भारतीय युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है। लेकिन नशे की लत उनके सपनों को पूरा करने में बड़ी बाधा बन रही है।
यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण विधेयक पर PM मोदी बोले- ‘हर रुकावट खत्म करके रहेंगे’
उन्होंने कहा कि देश में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है। नशा मुक्त युवा अभियान के माध्यम से भी युवाओं को इस बुरी आदत से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
युवक ने सुनाई नशे की लत से बाहर निकलने की कहानी
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने एक ऐसे युवक से बातचीत की, जिसने अपनी इच्छाशक्ति से नशे की लत को छोड़ दिया। युवक ने बताया कि दिल्ली के सदर बाजार में रहने के दौरान उसने दसवीं कक्षा में पहली बार नशा किया था।
शुरुआत में उसने इसे शौक समझा, लेकिन धीरे-धीरे उसे इसकी आदत लग गई। हालत ऐसी हो गई कि वह घर के पैसे भी नशे पर खर्च करने लगा। हालांकि, बाद में उसने इस लत से छुटकारा पा लिया और अब पूरी तरह नशामुक्त जीवन जी रहा है।
यह भी पढ़ें: गाड़ियों का माइलेज घटने की वजह आई सामने! पेट्रोल में मिला तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल
प्रधानमंत्री ने युवक के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा हैं।
17 भाषाओं में उपलब्ध हैं 7000 से ज्यादा कोर्स
प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए बनाए गए आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
इसके जरिए लाखों सरकारी कर्मचारी अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण ले चुके हैं। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भारतीय सांकेतिक भाषा से जुड़े पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। सरकारी कर्मचारी अपने अनुभव के साथ नई तकनीक और नई जानकारियां भी सीख रहे हैं।
मोबाइल खोने पर संचार साथी करेगा मदद
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने संचार साथी प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल फोन आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। इसमें कई जरूरी नंबर, तस्वीरें और दस्तावेज मौजूद रहते हैं। ऐसे में फोन खो जाने पर लोगों को काफी परेशानी होती है।
उन्होंने बताया कि संचार साथी प्लेटफॉर्म के जरिए खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल का आईएमईआई नंबर और जरूरी जानकारी देनी होती है। फोन ब्लॉक होने के बाद उसमें दूसरा सिम डालकर भी सामान्य तरीके से इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
समाज की अच्छी पहल को सामने लाता है मन की बात
पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कार्यों और लोगों की उपलब्धियों को सामने लाने का माध्यम है। इसके जरिए सामाजिक समस्याओं पर चर्चा होती है और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।
संबंधित खबरें
- भारत महिला आरक्षण विधेयक पर PM मोदी बोले- ‘हर रुकावट खत्म करके रहेंगे’
- भारत गाड़ियों का माइलेज घटने की वजह आई सामने! पेट्रोल में मिला तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल
- भारत कभी लाल, कभी पीली साड़ी तो कभी सलवार-सूट…एक महिला ने भरे 3 पर्चे , फिर हुआ सियासी खेल!
- भारत परिसीमन विधेयक को मिली कैबिनेट की मंजूरी, संसद के विशेष सत्र में होगा पेश









