Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिहार में प्रस्तावित ‘मां सीता महिला विश्वविद्यालय’ को लेकर कोई भी अंतिम निर्णय संबंधित हितधारकों के साथ विचार-विमर्श और उनके सुझावों को ध्यान में रखते हुए ही लिया जाए। सीएम ने यह भी साफ किया है कि वर्तमान में चल रही बिहार विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया के समाप्त होने के उपरांत ही इस दिशा में आगे की कार्रवाई और बैठकें शुरू की जाएंगी।
हितधारकों के साथ होगी बैठक
सीएम ने कहा है कि प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय से जुड़े सभी शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में उनके सुझावों और विचारों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि विश्वविद्यालय के गठन और उसकी रूपरेखा को लेकर पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
विधान परिषद चुनाव के बाद बढ़ेगी प्रक्रिया
सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल इस विश्वविद्यालय को लेकर कोई भी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। वर्तमान समय में राज्य में चल रही बिहार विधान परिषद चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही आगे के कदम उठाए जाएंगे और सभी पक्षों की सहमति से निर्णय लिया जाएगा।




