नई दिल्ली : फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी बहादुरी के लिए इजरायल में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने की है। 30 सितंबर को फ्लाइट FZ 1073 में एक गंभीर घटना के दौरान कैप्टन स्मित ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए बड़ी दुर्घटना टालने में अहम भूमिका निभाई थी। इस दौरान विमान में सवार छह इजरायली नागरिकों ने भी उनकी मदद की थी।
छह इजरायली नागरिकों को मिला वीरता पुरस्कार
इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने 8 अक्टूबर को यरूशलम में आयोजित एक समारोह में छह इजरायली नागरिकों को नागरिक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में ज्विका मानेस, ताली मानेस, यानीव हायुन, डॉ. शोता मुसायेव, असाफ राजुआन और पारडिलोव शामिल हैं।
इन नागरिकों ने विमान में संकट के दौरान हमलावर को काबू करने और पायलट की मदद करने में अहम भूमिका निभाई थी। राष्ट्रपति ने सभी की बहादुरी की सराहना की और कहा कि उन्होंने खतरे के समय साहस और समझदारी का परिचय दिया।
स्वस्थ होने के बाद सम्मानित होंगे भारतीय पायलट
राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि ठीक होने के बाद भारतीय पायलट को भी नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार दिया जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि कैप्टन को सम्मानित करना उनके लिए गर्व की बात होगी।
हमास हमले के बाद शुरू हुआ था पुरस्कार
इजरायल में नागरिक वीरता पुरस्कार की शुरुआत 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमास हमले के बाद की गई थी। इस पुरस्कार के जरिए उन आम नागरिकों को सम्मानित किया जाता है, जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना खतरे का सामना करते हैं।
Read more : लातेहार में महिला ने पुलिसकर्मियों पर लगाया पिटाई और बदसलूकी का आरोप, CM ने लिया संज्ञान



