बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) में फर्जी प्रमाणपत्रों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। बोर्ड की आंतरिक जांच में कई शिक्षार्थियों के सर्टिफिकेट फर्जी पाए गए हैं, जिसमें बीबोस और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। इस गंभीर अनियमितता पर संज्ञान लेते हुए बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार को पटना के जक्कनपुर थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई गई है। पुलिस से इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अभ्यर्थियों और संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
नए सीईओ की सख्ती से खुला फर्जीवाड़े का राज
मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले बीबोस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभालने के बाद सज्जन आर. ने दस्तावेजों में इस गड़बड़ी को पकड़ा था। मामले की तह तक जाने के लिए उन्होंने तत्काल एक तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। जांच समिति द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने और उनके गलत सत्यापन में शामिल लोगों की पहचान हो सकी।
यह भी पढ़ें: जिस प्लास्टिक को समझते थे कचरा, उसी से बिहार के गांवों में बन रहीं सड़कें और बेंच
एनआईओएस के सत्यापन पत्रों से पकड़ी गई हेराफेरी
थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, एनआईओएस के क्षेत्रीय कार्यालय ने अलग-अलग पत्रों के जरिए बीबोस को कई शिक्षार्थियों के प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए भेजे थे। बीबोस की जांच में इनमें से अधिकांश प्रमाणपत्र फर्जी निकले। इतना ही नहीं, एनआईओएस को भेजे गए बीबोस के कुछ सत्यापन पत्र भी जाली पाए गए। विभागीय जांच में दोनों संस्थानों के कुछ कर्मियों और छात्रों की मिलीभगत की आशंका जताई गई है, जिसके बाद परीक्षा एवं मूल्यांकन विभाग के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी ने थाने में केस दर्ज कराया।
अब डिजिलॉकर के जरिए होगा प्रमाणपत्रों का सत्यापन
बीबोस के सीईओ सज्जन आर. ने बताया कि भविष्य में इस तरह की धांधली रोकने के लिए कड़े एहतियातन कदम उठाए गए हैं। अब आगे से सभी प्रमाणपत्रों का सत्यापन केवल डिजिलॉकर (DigiLocker) के माध्यम से ही किया जाएगा। इसके अलावा, बोर्ड से जुड़े सभी गोपनीय दस्तावेजों को पासवर्ड के साथ सुरक्षित एसडीसी सर्वर में रखा जाएगा और इसके लिए जल्द ही एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: खेतों तक पहुंचेगा ज्यादा पानी! सम्राट कैबिनेट ने नहर नीति पर लगाई मुहर
संबंधित खबरें
- बिहार जिस प्लास्टिक को समझते थे कचरा, उसी से बिहार के गांवों में बन रहीं सड़कें और बेंच
- बिहार खेतों तक पहुंचेगा ज्यादा पानी! सम्राट कैबिनेट ने नहर नीति पर लगाई मुहर
- बिहार राष्ट्रीय मंच पर चमका बिहार! राजगीर जू व नेचर सफारी को मिलेगा स्कॉच अवार्ड, दोगुने हुए सैलानी
- बिहार 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी, नशे से दूर रहने की अपील










