चैनपुर (गुमला): सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कुरूमगढ़ थाना पुलिस की ओर से गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुरूमगढ़ में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों को आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, दुर्घटना या संकट के समय घबराने के बजाय तुरंत 112 नंबर पर कॉल करना चाहिए, ताकि पुलिस समय रहते मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सके।
यह भी पढ़ें: रांची लौटते ही विधानसभा पहुंचे बसंत सोरेन, बोले- अपनों के बीच आकर अच्छा लग रहा है
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करना चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति के भेजे गए लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और न ही किसी के साथ अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण साझा करना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है।
इसके साथ ही थाना प्रभारी ने समाज में प्रचलित डायन-बिसाही जैसी अंधविश्वासपूर्ण मान्यताओं और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी कुप्रथाएं समाज के विकास में बाधक हैं। इन्हें समाप्त करने के लिए शिक्षा, जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे विद्यालय में मिली जानकारी को केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और गांव के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं। जागरूक और शिक्षित युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: रांची में संविधान दिवस पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया संविधान रक्षा का संकल्प
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से बच्चों को कानून, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग संविधान दिवस पर चैनपुर में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, 250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत का संदेश
- #ट्रेंडिंग संविधान दिवस पर चैनपुर में लिया गया संकल्प, प्रखंड से लेकर थानों तक गूंजा संविधान का संदेश
- #ट्रेंडिंग स्थापना दिवस प्रतियोगिता में चमके चैनपुर के विद्यार्थी, मेरी लकड़ा ने बढ़ाया हौसला
- #ट्रेंडिंग संविधान दिवस पर सदन में गूंजा मताधिकार और संघीय हक का सवाल










